एनएसटी न्यूज, भोपाल। ओल्ड कैंपियन खेल मैदान (वार्ड 45) में लगी नगर निगम की पानी की टंकी E-2, जो अरेरा कॉलोनी को पानी सप्लाई करती है, अब बेहद जर्जर हो चुकी है। टंकी की उम्र लगभग 45-55 वर्ष हो चुकी है और कभी भी दुर्घटना का खतरा मंडरा सकता है। यह मैदान केवल आम खेल गतिविधियों के लिए ही नहीं, बल्कि दो क्रिकेट अकादमियों के लिए भी जाना जाता है। इन अकादमियों में हर दिन सैकड़ों युवा खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। अगर टंकी में कोई गड़बड़ी होती है, तो मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की सुरक्षा गंभीर खतरे में पड़ सकती है। स्थानीय निवेदक ने नगर निगम और संबंधित प्रशासन से अनुरोध किया है कि इस टंकी में पानी भरना तत्काल बंद किया जाए और इसे बदलने या मरम्मत करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टंकी की मरम्मत या नई टंकी लगाने की मांग जोर पकड़ रही है। मैदान के नियमित उपयोग और युवा खिलाड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की त्वरित प्रतिक्रिया जरूरी है।


