नई दिल्ली: पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता पहलवान अमन सहरावत ने सोमवार (13 अक्टूबर) को भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) द्वारा उन पर लगाए गए एक साल के प्रतिबंध पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया। सहरावत को जगरेब में विश्व चैंपियनशिप से पहले वजन कम करने में असफल रहने के कारण प्रतिबंधित किया गया है। उनके वजन में मुकाबले से पहले निर्धारित सीमा से 1.7 किलोग्राम अधिक पाया गया था, जिसके चलते उन्हें मुकाबले से बाहर रखा गया। अमन सहरावत ने इस गलती को स्वीकार किया है और WFI से अपने प्रतिबंध पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
भारतीय ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित एक सम्मान समारोह में सहरावत ने स्वीकार किया कि उन्होंने पिछले महीने वजन कम न कर पाने की गलती की थी। इस पहलवान ने कहा कि वह डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष संजय सिंह से मुलाकात करेंगे और उनसे महासंघ के फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध करेंगे।
अमन सहरावत का बयान: पहली गलती स्वीकार, सुधार का भरोसा
पेरिस 2024 खेलों में 57 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीतने के लिए 50 लाख रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित अमन सहरावत ने कहा, “मैं डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष से मिलकर इस प्रतिबंध पर पुनर्विचार करने का अनुरोध करूंगा। यह मेरी पहली गलती है, मैं इसे दोहराऊंगा नहीं।” उन्होंने अपने इस फैसले पर अफसोस जताते हुए भविष्य में सुधार का भरोसा भी व्यक्त किया।
अमन सहरावत को नियम उल्लंघन पर नोटिस जारी
डब्ल्यूएफआई ने 23 सितंबर को सहरावत से चूक के लिए स्पष्टीकरण मांगते हुए कारण बताओ नोटिस दिया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार महासंघ ने कहा था कि 29 सितंबर को जमा किए गए उनके जवाब को अनुशासनात्मक समिति ने ‘असंतोषजनक’ पाया। सहरावत ने कहा कि स्पर्धा से एक दिन पहले अचानक पेट दर्द शुरू होने के कारण वह और वजन कम करने का प्रयास जारी नहीं रख पाए।
अचानक मेरे पेट में दर्द होने लगा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अमन सहरावत ने कहा, ‘‘मैंने स्पर्धा एक सप्ताह पहले वजन कम करना शुरू कर दिया था। जब एक दिन बचा था, तब मेरा 600-700 ग्राम (अधिक) वजन रह गया था। यह जिम में आखिरी सेशन था। मेरे पास (कम करने के लिए) 600 ग्राम बचा था।’’ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, ‘‘मैं अभ्यास कर रहा था लेकिन अचानक मेरे पेट में दर्द होने लगा। मैं सीधे अपने कमरे में चला गया। मैंने सुबह चार बजे उठने की योजना बनाई थी लेकिन पेट का दर्द रात में फिर से बढ़ गया और कुछ दवा लेने के बाद भी यह ठीक नहीं हुआ।’’
एशियाई खेलों में न खेलना पड़ेगा भारी नुकसान
अमन सहरावत ने बताया कि एक साल का प्रतिबंध उनके करियर पर गंभीर प्रभाव डालेगा, खासकर क्योंकि 2026 में एशियाई खेल होने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “आने वाली प्रमुख प्रतियोगिताएं एशियाई खेल और 2026 की विश्व चैंपियनशिप हैं। एशियाई खेल हर चार साल में एक बार होते हैं और यह मेरा मुख्य लक्ष्य है। इसलिए एशियाई खेलों से चूकना मेरे लिए बहुत बड़ा नुकसान होगा।”


