छत्तीसगढ़ क्रिकेट को मिली नई धार: पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर अमय खुरासिया बने मुख्य कोच

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। छत्तीसगढ़ के क्रिकेट गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आई है। राज्य की क्रिकेट प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें राष्ट्रीय पटल पर नई पहचान दिलाने के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) ने पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर अमय खुरासिया को अपना नया मुख्य कोच नियुक्त किया है। खुरासिया की नियुक्ति से राज्य के युवा खिलाड़ियों को अब एक विश्वस्तरीय और अनुभवी प्रशिक्षक का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

अनुभव का बड़ा खजाना

अमय खुरासिया का कोचिंग करियर बेहद प्रभावशाली रहा है। उनके मार्गदर्शन में ही केरल की टीम ने 74 वर्षों के रणजी ट्रॉफी इतिहास में पहली बार फाइनल तक पहुँचने का गौरव हासिल किया था। इसके अलावा, उन्होंने 10 वर्षों तक मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ के मुख्य कोच के रूप में कार्य किया है। आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नाम कमा रहे रजत पाटीदार, वेंकटेश अय्यर और आवेश खान जैसे सितारों को तैयार करने का श्रेय भी खुरासिया को ही जाता है।

शानदार रहा है खेल करियर

खुरासिया ने वर्ष 1999 के विश्व कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने 1999 से 2001 के बीच 12 अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच खेले और 119 प्रथम श्रेणी मैचों का उनके पास लंबा अनुभव है। वे बीसीसीआई की प्रतिष्ठित लेवल-सी कोचिंग डिग्री धारक हैं और पिछले 23 वर्षों से निरंतर कोचिंग के क्षेत्र में सक्रिय हैं।

भविष्य की योजनाएं

छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के निदेशक बलदेव सिंह भाटिया और विजय शाह की उपस्थिति में हुई सकारात्मक चर्चा के बाद उनकी नियुक्ति पर मुहर लगी। अपनी नई जिम्मेदारी पर अमय खुरासिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में अद्भुत प्रतिभा है। मुझे चुनौतियां पसंद हैं और मैं अपनी पूरी मेहनत से यहां के खिलाड़ियों को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाने का प्रयास करूँगा। मुझे यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए मैं संघ का आभारी हूं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here