(NST News) भोपाल. भोपाल के कैंपियन स्कूल अरेरा कॉलोनी के कक्षा ग्यारहवीं के छात्र अम्मार उर रहमान ने अपनी मेहनत और लगन से स्टेट स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हाल ही में जबलपुर, मध्यप्रदेश में आयोजित XII मध्यप्रदेश स्टेट एयर वेपन गन फॉर ग्लोरी प्रतियोगिता 2025 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए सब जूनियर वर्ग की कैटेगरी में हिस्सा लिया। ओपन साइट 10 मीटर राइफल शूटिंग इवेंट में अम्मार ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया और इस प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया। इस राज्य स्तरीय आयोजन का संचालन स्टेट राइफल एसोसिएशन द्वारा किया गया था, जिसमें पूरे प्रदेश के लगभग 1000 प्रतिभागियों ने अलग-अलग आयु वर्ग से हिस्सा लिया। अम्मार ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से न केवल गोल्ड मेडल जीता बल्कि ‘सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट’ भी हासिल किया।
इस उपलब्धि पर स्कूल प्राचार्य डॉ. फादर अथनस लकड़ा एस.जे., उप प्राचार्य मनोज मिंज एस.जे. और शारीरिक शिक्षा विभाग के एचओडी जोशी कोशी एवं संजय मिश्रा ने अम्मार को बधाई दी। सभी ने उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने स्कूल और शहर का नाम गर्व से ऊँचा किया है। प्राचार्य डॉ. लकड़ा ने कहा कि अम्मार का यह स्वर्ण पदक उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर एक मजबूत कदम है और हमें गर्व है कि हमारे छात्र ने इतनी बड़ी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा साबित की। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाली राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अम्मार इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे।


