नई दिल्ली: महिला वर्ल्ड कप 2025 के दौरान मध्य प्रदेश के शहर इंदौर से एक गंभीर घटना की खबर सामने आई है। होलकर स्टेडियम में शनिवार को ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच मैच होना था। मैच से पहले यह खबर आई कि ऑस्ट्रेलिया की दो महिला क्रिकेटरों के साथ सड़क पर एक व्यक्ति ने बाइक पर छेड़छाड़ की। इस मामले में पुलिस ने इंदौर के आजाद नगर के निवासी अकील को आरोपी पाया और उसे गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में अधिक जानकारी सामने आने के बाद पता चला कि ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम रेडिसन होटल में रुकी थी। वहां से नजदीक एक कैफे है जहां दोनों खिलाड़ी पैदल जा रही थीं। मगर इसी बीच बाइक सवार अकील आता है और दोनों क्रिकेटर्स के साथ छेड़छाड़ करने लगता है। इसके बाद रोड पर मौजूद एक व्यक्ति ने उसकी बाइक का नंबर नोट किया। वहीं एक कार सवार ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
इस घटना में ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम के सुरक्षा मैनेजर डैनी सिमंस ने गुरुवार शाम एमआईजी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपी अकील को गिरफ्तार कर लिया। सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर शिकायत की जांच की गई, जिसमें अकील को छेड़छाड़, अनुचित तरीके से छूने और पीछा करने का दोषी पाया गया।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ अंतिम लीग मुकाबला
ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम इस टूर्नामेंट में अभी तक अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है। शनिवार को इंदौर में उसका अंतिम लीग मुकाबला साउथ अफ्रीका के खिलाफ है। इस मैच के नतीजे के आधार पर तय होगा कि ऑस्ट्रेलिया का सेमीफाइनल में सामना भारत से होगा या इंग्लैंड से। यदि ऑस्ट्रेलिया यह मुकाबला जीत जाती है, तो 29 अक्टूबर को गुवाहाटी में उसका मुकाबला भारत से होगा। वहीं, अगर ऑस्ट्रेलिया हार जाती है, तो 30 अक्टूबर को सेमीफाइनल में उसकी टक्कर इंग्लैंड से होगी।

