एशियाई चैंपियनशिप जापान में मप्र की अनुज्ञा शर्मा ने देश को दिलाया कांस्य पदक

0

– अनुज्ञा को मिली खेल मंत्री से बधाई और शुभकामनाएं

एनएसटी न्यूज, भोपाल। जापान के टोक्यो शहर में दो से पांच नवंबर तक आयोजित एशियाई चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश की अनुज्ञा शर्मा ने देश को कांस्य पदक दिलाकर इतिहास रच दिया। चैम्पियनशिप में अनुज्ञा ने अपनी कैटेगरी – 220 में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जापान की खिलाड़ी को परास्त कर यह पदक अर्जित किया। इस उपलब्धि पर मध्य प्रदेश के खेल और युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने अनुज्ञा शर्मा को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। कूडो की एशियाई चैंपियनशिप टोक्यो, जापान के लिए दो और तीन अगस्त को एथलेटिका जिम सूरत, गुजरात में आयोजित सिलेक्शन ट्रायल में अनुज्ञा शर्मा का चयन हुआ जिसमें अनुज्ञा शर्मा ने फाइट जीतकर एशियाई चैंपियन शिप के लिए अपना स्थान पक्का किया। सिलेक्शन ट्रॉयल में देश के कई राज्यों से खिलाड़ियों ने भाग लिया।

कूडो इंडिया टीम के जापान रवाना होने से पहले 30 अक्टूबर, 2025 को शिहान अक्षय कुमार ने टीम इंडिया से मुलाकात की। अक्षय कुमार ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हुए अपनी शुभकामनाएं दी। भारतीय कूडो टीम हांशी मेहुल वोहरा के नेतृत्व में 31 अक्टूबर 2025 को मुंबई से टोक्यो के लिए रवाना हुई। हांशी मेहुल वोहरा और कूड़ो एसोसिएशन ऑफ मध्य प्रदेश के अध्यक्ष डॉ मोहम्मद एजाज खान ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। उनके नेतृत्व में ही अनुज्ञा ने यह उपलब्धि अर्जित की है।

कूडो खेल में शाजापुर की प्रतिभावान खिलाड़ी अनुज्ञा शर्मा की लगन, कड़ी मेहनत और जुनून की बदौलत मध्य प्रदेश और देश गौरवान्वित हुआ है। कूडो एसोसिएशन शाजापुर के सेक्रेटरी एवं कोच राजीव लोचन शर्मा से अनुज्ञा खेल का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। कोच शर्मा ने बताया कि अनुज्ञा ने अक्षय कुमार कूड़ो इंटरनेशनल टूर्नामेंट में 2 स्वर्ण और 1 रजत पदक देश को दिलाया है। राष्ट्रीय स्पर्धाओं में अनुज्ञा ने 4 स्वर्ण, 2 रजत पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। इसके अलावा अनुज्ञा ने फेडरेशन कप में 3 स्वर्ण पदक प्राप्त किए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here