भोपाल। जर्मनी के बर्लिन में आयोजित तीरंदाजी वर्ल्ड कप (स्टेज-4) में आज भारत और फ्रांस के बीच खेले गए फायनल मुकाबले में मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी जबलपुर की खिलाड़ी बेटी मुस्कान किरार ने रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश को गौरवान्वित किया। मुस्कान किरार ने यह पदक वूमेन कंपाउंड टीम इवेंट में अर्जित किया। भारत और फ्रांस के बीच आज खेले गए फायनल मुकाबले में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए म.प्र. तीरंदाजी अकादमी की खिलाड़ी मुस्कान किरार, पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड की ज्योति सुरेखा तथा रेल्वे की त्रिशा देव ने 228 अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक अर्जित किया। जबकि 229 अंकों के साथ फ्रांस पहले स्थान पर रहा । वर्ल्ड कप में तीरंदाजी का शानदार प्रदर्शन करने और रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाली अकादमी की खिलाड़ी मुस्कान किरार को प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री मान. यशोधरा राजे सिंधिया ने बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में हमारी बेटियां मध्य प्रदेश का परचम फहरा रही हैं, जिन पर हमें गर्व है। संचालक खेल और युवा कल्याण डाँ. एस. एल. थाउसेन ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मुस्कान किरार द्वारा अर्जित इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की है। गौरतलब है कि एशिया कप में स्वर्ण और कांस्य पदक अर्जित करने वाली मुस्कान किरार तीरंदाजी अकादमी की प्रतिभावान खिलाड़ी हैं जिन्होंने टर्की में आयोजित वर्ल्ड कप स्टेज-2 में भी देश को रजत पदक दिलाया है। मुस्कान किरार खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा जबलपुर में संचालित तीरंदाजी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक एवं तकनीकी सलाहकार श्री रिचपाल सिंह सलारिया से तीरंदाजी खेल का प्रशिक्षण हासिल कर रही हैं।