Archery World Cup:भारत की शीर्ष रिकर्व तीरंदाज दीपिका कुमारी ने विश्व कप फाइनल में जीता रजत पदक

0

नई दिल्ली: भारत की शीर्ष रिकर्व तीरंदाज दीपिका कुमारी ने पेरिस ओलंपिक की निराशा को पीछे छोड़ते हुए विश्व कप फाइनल में रजत पदक जीता। वह फाइनल में चीन की लि जियामैन से 0-6 से हार गईं। दिसंबर 2022 में अपनी बेटी के जन्म के बाद विश्व कप फाइनल में लौटी चार बार की ओलंपियन दीपिका को आठ तीरंदाजों में तीसरी वरीयता मिली थी।

सेमीफाइनल तक दीपिका को कोई दिक्कत नहीं हुई लेकिन स्वर्ण पदक के मुकाबले में वह पेरिस ओलंपिक में टीम स्पर्धा का रजत पदक जीतने वाली जियामैन से हार गईं। दीपिका नौवीं बार विश्व कप फाइनल खेल रही थीं। भारत के लिए विश्व कप फाइनल में सिर्फ डोला बनर्जी ने स्वर्ण पदक जीता था जब दुबई में 2007 में वह अव्वल रही थीं। सेमीफाइनल में मैक्सिको की अलेजांद्रा वालेंशिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाली दीपिका उस लय को कायम नहीं रख सकीं। पहला सेट उसने एक अंक से (26-27) गंवाया। दूसरे सेट में वापसी की, लेकिन ली ने 30-28 से जीता। तीसरे सेट में ली ने 27-25 से जीत दर्ज की।

पुरुषों के रिकर्व वर्ग में धीरज बोम्मादेवरा 4-2 से आगे रहने के बावजूद पहले दौर में पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता दक्षिण कोरिया के ली वू सियोक से हार गए। पुरुषों के रिकर्व वर्ग में धीरज अकेले भारतीय चुनौती पेश कर रहे थे। उन्हें 4-6 ( 28-28, 29-26, 28-28, 26-30, 28-29) से पराजय झेलनी पड़ी। पांच सदस्यीय भारतीय दल में तीन कंपाउंड और दो रिकर्व तीरंदाज थे। भारत की झोली में सिर्फ एक पदक आया।

खेल मंत्री ने दीपिका को दी बधाई

विश्व कप में रजत पदक जीतने पर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने दीपिका कुमारी को बधाई दी। मांडविया ने एक्स पर लिखा, दीपिका कुमारी को मैक्सिको में हुए विश्व कप फाइनल में रजत पदक और ओवरऑल छठा पदक जीतने पर बधाई।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here