एनएसटी न्यूज, भोपाल। विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी के तत्वाधान में आयोजित अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट में अरेरा क्रिकेट अकादमी और नायर क्रिकेट अकादमी के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस मैच में अरेरा क्रिकेट अकादमी ने अपने उत्कृष्ट खेल के दम पर नायर क्रिकेट अकादमी को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। अरेरा क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो उनके लिए सही साबित हुआ। पहले बल्लेबाजी करने उतरी नायर क्रिकेट अकादमी की टीम अरेरा की सटीक गेंदबाजी के सामने संघर्ष करती नजर आई। नायर अकादमी की ओर से प्रखर ने सर्वाधिक 23 रन और ग्रंथ ने 15 रनों का योगदान दिया। अरेरा की ओर से गेंदबाजी में रुद्र और धैर्य ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए एक-एक विकेट चटकाए।
जीत के लिए मिले 106 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अरेरा क्रिकेट अकादमी ने आक्रामक शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज जय बैरागी ने मैदान के चारों ओर शानदार शॉट खेलते हुए 54 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। उनका साथ देते हुए ऋतु जैन ने 12 रन बनाए। नायर क्रिकेट अकादमी के गेंदबाजों ने वापसी की कोशिश की, जिसमें दर्श जोशी ने दो और मानवेंद्र सिंह ने एक विकेट लिया, लेकिन वे अरेरा को जीत से नहीं रोक सके। अरेरा क्रिकेट अकादमी ने मात्र 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 6 विकेट से मैच अपने नाम किया। मैच में शानदार अर्धशतक जड़ने वाले जय बैरागी को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से नवाजा गया।


