NST NEWS, भोपाल. अरेरा प्रीमियर इंटर हाउस क्रिकेट लीग प्रतियोगिता में आज अरेरा रेड और अरेरा ब्लू के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। मैच में अरेरा रेड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 23 रन से जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए अरेरा रेड की टीम 35.2 ओवर में 209 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से होमी सोलंकी ने शानदार 67 रन की पारी खेली। शिखर देशमुख ने 56 और सूरज भौंडेकर ने 31 रन का योगदान दिया। अरेरा ब्लू की ओर से गेंदबाजी में आर्यन साहनी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट हासिल किए। नीरज ग्रोवर ने 3 विकेट लिए, जबकि रोशन नायक और आयुष पाठक को 1-1 सफलता मिली। 210 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अरेरा ब्लू की टीम ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी की, लेकिन जीत से दूर रह गई। टीम 23 रन से मुकाबला हार गई। पीयूष सिंह ने 46 रन बनाए, जबकि नीरज ग्रोवर ने 40 रन की पारी खेली। आयुष पाठक और लकी सूर्यवंशी ने 21-21 रन बनाए। अरेरा रेड की ओर से गेंदबाजी में केतन रेवाड़ीकर, शिखर देशमुख और होमी सोलंकी ने 3-3 विकेट लिए। सूरज भौंडेकर को 1 विकेट मिला। वरिष्ठ खिलाड़ी एवं बीडीसीए चयनकर्ता अरविंद वर्मा और पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी प्रियदर्शनी पाठक ने होमी सोलंकी और आर्यन साहनी को संयुक्त रूप से प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किया।


