अर्जुन तेंदुलकर का ऑलराउंड धमाका, सुयांश-अभिनव के अर्धशतक; गोवा 7 विकेट से विजयी

0

नई दिल्ली: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के लीग मैच में गोवा ने रजत पाटीदार की कप्तानी वाली मध्यप्रदेश को 7 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में अर्जुन तेंदुलकर ने बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन किया, जबकि अभिनव थरेजा और कप्तान सुयश प्रभूदेसाई ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम की जीत सुनिश्चित की। इस मैच में मध्यप्रदेश ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 170 रन बनाए। गोवा को जीत के लिए 171 रन का लक्ष्य मिला था और इस टीम ने 18.3 ओवर में 3 विकेट पर 171 रन बनाकर मैच को आसानी से जीत लिया। कप्तान सुयश प्रभूदेसाई को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

अर्जुन तेंदुलकर का दमदार ऑलराउंड प्रदर्शन

इस मुकाबले में अर्जुन तेंदुलकर ने गोवा के लिए गेंदबाज़ी में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में सर्वाधिक 3 विकेट झटके। इसके बाद बल्लेबाज़ी में ओपनिंग करते हुए उन्होंने मात्र 10 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 16 तेज रन बनाए और 160.00 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दी। हालांकि वे बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन उनके आउट होने के बाद अभिनव थरेजा और कप्तान सुयश प्रभूदेसाई ने जिम्मेदारी संभालते हुए पारी को स्थिर किया और टीम को जीत की राह पर आगे बढ़ाया।

अभिनव थरेजा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाज़ी करते हुए 33 गेंदों पर 55 रन की शानदार पारी खेली। वहीं कप्तान सुयश प्रभूदेसाई ने 50 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों की मदद से नाबाद 75 रन बनाकर टीम को जीत की राह दिखा दी। ललित यादव ने भी नाबाद 12 रन जोड़कर साझेदारी को मजबूती दी। इससे पहले मध्यप्रदेश की ओर से हरप्रीत सिंह ने नाबाद 80 रन की उत्कृष्ट पारी खेली, जिसकी बदौलत टीम ने पहली पारी में 170 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया था। कप्तान रजत पाटीदार इस मैच में केवल 19 रन ही बना सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here