बेंगलुरु. महिला विश्व कप 2025 से पहले भारत को बड़ा झटका लगा है। ऑलराउंडर अरुंधति रेड्डी इंग्लैंड के खिलाफ अभ्यास मैच में चोटिल हो गईं। मैच बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड पर खेला जा रहा था। हीथर नाइट की एक जोरदार ड्राइव फ़ॉलो-थ्रू में रेड्डी के घुटने पर लगी और वे दर्द से कराह उठीं। स्थिति इतनी गंभीर थी कि उन्हें व्हीलचेयर पर मैदान से बाहर ले जाया गया। अभी उनकी चोट की गंभीरता को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
नाइट की वापसी और रेड्डी की चोट
मई में हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरने के बाद हीथर नाइट पहली बार मैदान पर लौटी थीं। उनकी स्ट्रोक रेड्डी के बाएं घुटने पर लगी, जिससे वह तुरंत गिर पड़ीं। फ़िजियो और रिजर्व खिलाड़ियों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन वे पैर पर खड़ी नहीं हो पाईं। आखिरकार उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। यह घटना उस वक्त हुई जब रेड्डी अपने पांचवें ओवर में गेंदबाजी कर रही थीं और कुछ ही देर पहले उन्होंने एमी जोंस को 39 रन पर पगबाधा किया था।
करियर पर चोटों का असर
रेड्डी के करियर पर चोटों और फॉर्म का असर पहले से ही रहा है। यह विश्व कप उनके करियर का पहला वनडे विश्व कप होता। दिल्ली कैपिटल्स के लिए दो अच्छे सीज़न खेलने के बाद उन्होंने भारत के लिए पिछले साल बेंगलुरु में साउथ अफ्रीका के खिलाफ डेब्यू किया था। अब तक खेले गए 11 वनडे में उन्होंने 15 विकेट लिए हैं। दिसंबर 2024 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 26 रन देकर 4 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।
भारत की तेज़ गेंदबाज़ी पर असर
रेड्डी भारत की 15 सदस्यीय टीम में शामिल चार तेज़ गेंदबाज़ों में से एक हैं। उनकी अनुपस्थिति भारत की गेंदबाजी आक्रमण पर असर डाल सकती है। फिलहाल भारत के पास स्टैंडबाय में केवल सयाली सतघरे एकमात्र अन्य तेज़ गेंदबाज़ के तौर पर मौजूद हैं। चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट की नज़र अब मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी है। अगर चोट गंभीर हुई तो भारत की रणनीति में बड़ा बदलाव करना पड़ सकता है।


