अरविंद चिदंबरम ने प्राग मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट में किया शानदार प्रदर्शन, अनीश गिरी को हराया

0

नई दिल्ली: भारतीय ग्रैंडमास्टर अरविंद चिदंबरम ने प्राग मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सातवें दौर में काले मोहरे से खेलते हुए नीदरलैंड के अनीश गिरी को मात दी और एकल बढ़त हासिल करने में सफल रहे। अरविंद ने शुरू से लेकर आखिर तक अपनी लय बनाए रखी। अरविंद ने गिरी के खिलाफ 24वीं चाल में अपने घोड़े के दम पर बढ़त बनाई और आखिर में 39वीं चाल में जीत हासिल करके रिकॉर्ड बुक में अपना नाम लिखवाया।

14वें स्थआन पर पहुंचे अरविंद

अरविंद इस जीत से लाइव रेटिंग में 14वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इस तरह से लाइव रेटिंग में शीर्ष 15 में अब कम से कम पांच भारतीय शामिल हो गए हैं। विश्वनाथन आनंद 15वें नंबर पर हैं। अरविंद ने पहली बार शीर्ष 15 में प्रवेश किया।

आर प्रज्ञानंद ने ड्रॉ खेला

भारत के एक अन्य खिलाड़ी आर प्रज्ञानंद ने टूर्नामेंट से पहले खिताब के दावेदार माने जा रहे चीन के वेई यी के साथ ड्रॉ खेला। अरविंद ने संभावित सात में से अपने अंकों की संख्या पांच कर ली है और अब वह प्रज्ञानंद से आधे अंक की बढ़त पर हैं। अब केवल दो दौर की बाजियां खेली जानी बाकी है। अमेरिका के सैम शैंकलैंड ने वियतनाम के क्वांग लीम ले को हरा दिया। दिलचस्प बात यह है कि क्वांग लीम और गिरी दोनों ने पहली छह बाजियां ड्रॉ खेली थी।

एक अन्य मुकाबले में तुर्किए के 16 वर्षीय गुरेल एडिज ने चेक गणराज्य के गुयेन थाई दाई वान को पराजित किया, जबकि चेक गणराज्य के ही डेविड नवारा ने जर्मनी के विंसेंट कीमर के साथ ड्रॉ खेला। अरविंद पांच अंक लेकर शीर्ष पर काबिज हैं, जबकि प्रज्ञानंद 4.5 अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं। उनके बाद वेई यी, एडिज़, कीमर और शैंकलैंड का नंबर आता है जिनके 3.5 अंक हैं। गिरी, नवारा और लीम के तीन-तीन अंक हैं, जबकि दाई वान 2.5 अंक के साथ सबसे निचले स्थान पर हैं।

चैलेंजर्स वर्ग में जोनास बुहल बजरे ने इस वर्ग में भाग ले रहीं एकमात्र भारतीय दिव्या देशमुख को हराकर उसकी मुसीबतें बढ़ा दी। भारतीय खिलाड़ी सात बाजियों में केवल 1.5 अंक हासिल कर पाई है और वह सबसे अंतिम स्थान पर है। इस वर्ग में उज्बेकिस्तान के बजरे और नोदिरबेक याकुबोएव 5.5 अंक के साथ संयुक्त बढ़त पर हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here