नई दिल्ली : पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया की रोमांचक 7 रन की जीत के बाद काफी भावुक नजर आए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आमिर लगातार भारत के बाहर होने की बात कर रहे थे और यहां तक कि सेमीफाइनल में उन्होंने इंग्लैंड की जीत की भविष्यवाणी भी कर दी थी। लेकिन टीम इंडिया ने उनकी भविष्यवाणी को गलत साबित करते हुए शानदार खेल प्रदर्शन के साथ मैच जीत लिया, जिससे आमिर के मंसूबों पर पानी फिर गया।
संजू का कैच छोड़ना बना इंग्लैंड की महंगी गलती
मोहम्मद आमिर ने इंग्लैंड को मिली हार के लिए इस टीम की खराब फील्डिंग को दोषी ठहराया और कहा कि संजू सैमसन का कैच छोड़ने के बाद मैच पूरी तरह से बदलगया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि हैरी ब्रूक ने इन-फॉर्म बैट्समैन संजू सैमसन का कैच छोड़ा जिससे नतीजे में फर्क पड़ा। आमिर ने आगे कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने कंप्लीट क्रिकेट खेला और जीत हासिल की। जीत का श्रेय पूरी तरह से भारत को जाता है।
टीम इंडिया ने दिखाया कंप्लीट क्रिकेट, जीत हासिल की
मोहम्मद आमिर ने एक टीवी शो के दौरान कहा कि अगर आप इन-फॉर्म बैटर का कैच छोड़ते हैं, तो ऐसा होता है। जब आप 15 रन पर कैच छोड़ते हैं और वह 35 बॉल पर 90 रन बनाता है तो इससे फर्क पड़ता है। आखिर में आप सिर्फ सात रन से हारे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आमिर ने कहा कि दोनों टीमों का बॉलिंग अटैक एक जैसा था, बस जसप्रीत बुमराह में ही एक बड़े अंतर थे। उन्होंने बहुत ज्यादा दवाब में मौके भुनाने के लिए अक्षर पटेल की भी तारीफ की।
अक्षर पटेल ने लपके दो शानदार कैच, दर्शकों को दी रोमांचक झलक
मोहम्मद आमिर ने अपने एनालिसिस के दौरान कहा कि उन्हें लगता है कि इंग्लैंड की फील्डिंग दोनों टीमों के बीच बड़ा अंतर साबित हुई। बॉलिंग की बात करें तो बुमराह को छोड़कर दोनों टीमों की बॉलिंग लगभग बराबर लग रही थी। आमिर ने आगे कहा कि हैरी ब्रूक ने एक इन-फॉर्म बैटर का कैच छोड़ा, जबकि अक्षर पटेल ने दो शानदार कैच लपके। उन्होंने यह भी बताया कि हैरी ब्रूक और विल जैक्स ने अच्छी बल्लेबाजी की थी, और अगर ये कैच नहीं लिए गए होते तो इंग्लैंड संभवतः एक ओवर पहले ही अपना टारगेट हासिल कर सकता था।

