नई दिल्ली: इंग्लैंड को एशेज सीरीज के बीच बड़ा झटका लगा है, क्योंकि टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मार्क वुड फिर चोटिल हो गए हैं। उनकी बाएं घुटने की पुरानी चोट एक बार फिर उभर आई है, जिसके कारण इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने उन्हें तुरंत दौरे से बाहर कर दिया। वुड की जगह टीम में शामिल किया गया है तेज गेंदबाज मैथ्यू फिशर को, जिन्होंने अब तक अपने करियर में केवल एक टेस्ट विकेट ही लिया है।
इंग्लैंड की तेज़ गेंदबाज़ी पर उठे गंभीर सवाल
मार्क वुड के बाहर होने से इंग्लैंड की तेज़ गेंदबाज़ी की ताकत पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। यह उनके लिए भी किसी झटके से कम नहीं है। उनकी यह चोट ऐसे करियर का एक और अध्याय है, जो बार-बार फिटनेस की समस्याओं से बाधित रहा है। पर्थ टेस्ट से पहले वुड ने कोहनी की चोट और उसके बाद घुटने की सर्जरी के कारण 15 महीनों तक इंग्लैंड के लिए रेड-बॉल क्रिकेट नहीं खेला था।
ECB की मेडिकल टीम की निगरानी में होगा रिहैब
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ईसीबी की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘इंग्लैंड और डरहम के तेज गेंदबाज मार्क वुड को ऑस्ट्रेलिया के एशेज दौरे के बाकी मैचों से बाहर कर दिया गया है, क्योंकि इस महीने की शुरुआत में पर्थ में पहले टेस्ट के दौरान लगी बाएं घुटने की चोट दोबारा उभर आई है। मार्क वुड इस हफ्ते के आखिर में घर लौटेंगे और अपने रिहैबिलिटेशन और रिकवरी के लिए ECB मेडिकल टीम के साथ मिलकर काम करेंगे।’
घुटने की सर्जरी के कारण नौ महीने तक टेस्ट क्रिकेट से दूर रहने वाले मार्क वुड पर्थ में पहले टेस्ट के लिए लौटे थे। मार्क वुड ने 8 ओवर फेंके थे, जिसके बाद उन्हें बाएं हैमस्ट्रिंग में खिंचाव महसूस हुआ। हालांकि, स्कैन में कुछ नहीं मिला तो उन्हें खेलने के लिए फिट घोषित कर दिया गया था। मार्क वुड ने पहले टेस्ट मैच में 11 ओवर की गेंदबाजी करते हुए 44 रन दिए। लेकिन इसके बाद 35 वर्षीय तेज गेंदबाज को घुटने में दर्द की शिकायत हुई। उनकी चोट के चलते उन्हें स्पेशलिस्ट के पास भेजा गया और अब उन्हें ब्रिस्बेन में होने वाले दूसरे टेस्ट से बाहर कर दिया गया है।
45 महीने बाद टेस्ट में वापसी करेंगे मैथ्यू फिशर
मैथ्यू फिशर करीब 45 महीने बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी करेंगे। उन्होंने अब तक सिर्फ एक टेस्ट मैच खेला है, जिसमें उन्हें एक ही विकेट मिला था। उनका पहला टेस्ट मार्च 2022 में ब्रिजटाउन में वेस्टइंडीज के खिलाफ हुआ था, जो ड्रॉ रहा था। हालांकि, फिशर का फर्स्ट क्लास करियर काफी मजबूत रहा है। उन्होंने अब तक 56 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं और 28.16 के औसत से 175 विकेट लिए हैं। इसके अलावा, उन्होंने 35 लिस्ट ए मैचों में 32 और 45 टी20 मुकाबलों में 46 विकेट हासिल किए हैं।

