नई दिल्ली: एशेज 2025-26 में खिलाड़ियों की चोट और बाहर होने का सिलसिला जारी है। इंग्लैंड की टीम मार्क वुड की इंजरी से लगातार परेशान है, जबकि मेजबान ऑस्ट्रेलिया पहले से ही कप्तान पैट कमिंस के बिना खेल रही है। इसी बीच कंगारू टीम को बड़ा झटका लगा, क्योंकि स्टार गेंदबाज जोश हेजलवुड अब पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं और उनकी वापसी संभव नहीं है।
आपको बता दें कि हेजलवुड पहले दो मैचों में भी नहीं खेले थे, लेकिन उम्मीद थी कि तीसरे मैच में वह टीम में वापसी कर सकते हैं। हालांकि, अब यह तय हो गया है कि पूरी तरह फिट न होने के कारण उन्हें पूरी सीरीज से बाहर रखा गया है। हेजलवुड एशेज से पहले शेफील्ड शील्ड के दौरान हैमस्ट्रिंग इंजरी का शिकार हुए थे। कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने भी कंफर्म कर दिया है कि वह इस एशेज में नहीं खेल पाएंगे।
पैट कमिंस की टीम में वापसी होगी?
पैट कमिंस लंबे समय से चोटिल हैं और पिछले पांच महीनों में उन्होंने कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है। अब वह टीम में वापसी के लिए तैयार हैं। कमिंस की गैरमौजूदगी में पहले दोनों एशेज टेस्ट में स्टीव स्मिथ ने टीम की कमान संभाली थी। ऑस्ट्रेलियाई टीम इस समय 2-0 से आगे है। तीसरे टेस्ट के लिए, जो 17 दिसंबर को एडिलेड में खेला जाएगा, पैट कमिंस की वापसी लगभग पक्की मानी जा रही है।
कोच ने बताया कि अब कमिंस रिकवर हो रहे हैं और फिट भी लग रहे हैं। नेट्स में उन्होंने अपनी लय वापस पा ली है। अगर अगले एक हफ्ते या आने वाले दिनों में कुछ नहीं घटता है तो एडिलेड में सिक्का कमिंस ही उछालेंगे। साथ ही नाथन लियोन की भी वापसी तीसरे टेस्ट में संभव है जो पिंक बॉल टेस्ट से बाहर थे।
ऑस्ट्रेलिया का लक्ष्य लगातार पांचवीं एशेज जीत
ऑस्ट्रेलिया ने 2015 के बाद लगातार चार एशेज खिताब अपने नाम किए हैं, जबकि इंग्लैंड को आखिरी जीत 2015 में मिली थी। अब कंगारू टीम अपना लगातार पांचवां एशेज खिताब जीतने की तैयारी में है। मौजूदा सीरीज में पर्थ और ब्रिसबेन में इंग्लैंड को 8-8 विकेट से हराकर ऑस्ट्रेलिया ने स्पष्ट दबदबा बना लिया है। अब बचे हुए तीन मैचों में से एक जीतने पर ही वह सीरीज अपने नाम कर लेगी।
एशेज 2025-26 का पूरा शेड्यूल
पहला टेस्ट: 21-25 नवंबर, पर्थ (ऑस्ट्रेलिया 8 विकेट से जीता)
दूसरा टेस्ट: 4-8 दिसंबर, ब्रिसबेन (ऑस्ट्रेलिया 8 विकेट से जीता)
तीसरा टेस्ट: 17-21 दिसंबर, एडिलेड
चौथा टेस्ट: 25-29 दिसंबर, मेलबर्न
पांचवां टेस्ट: 3-7 जनवरी, सिडनी


