नई दिल्ली: एशिया कप 2025 से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी जमकर ट्रेनिंग सेशन में जुटे और पसीना बहाते हुए आगामी टूर्नामेंट के लिए कमर कस ली। भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ खेलेगी। टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में है, जो हाल ही में ‘स्पोर्ट्स हर्निया’ की सर्जरी के बाद वापसी कर रहे हैं। इस सत्र ने टीम के खिलाड़ियों की फिटनेस और तैयारियों को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें सूर्यकुमार यादव ने टीम की शानदार तैयारी और माहौल की तारीफ की। सूर्यकुमार ने कहा, “इतने अविश्वसनीय कौशल वाले शानदार खिलाड़ियों की टीम होना शानदार है। जब भी मैं मैदान पर इन लड़कों को देखता हूं, मेरे चेहरे पर हमेशा मुस्कान आ जाती है। मैं उनसे जैसा चाहता हूं, वे वैसा ही प्रदर्शन करते हैं। साथ ही वे मैदान पर इसका आनंद भी लेते हैं।” इस बयान से टीम की एकजुटता और सकारात्मकता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम के स्क्वाड में जसप्रीत बुमराह भी शामिल हैं। बुमराह ने कहा कि लंबे समय के बाद टी20 टीम में लौटकर बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने बताया कि तीन हफ्तों का ब्रेक घर पर बिताने और आराम करने के लिए उपयोगी रहा। टीम में युवा खिलाड़ियों की मौजूदगी पर बुमराह ने कहा कि टीम के साथ खेलने का वह बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वहीं, ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या नए लुक में नजर आए, उन्होंने अपने बाल सुनहरे करवा लिए हैं। हार्दिक ने कहा कि इस ब्रेक का उन्होंने परिवार के साथ समय बिताने के लिए इस्तेमाल किया और साथ ही अपनी खेल ट्रेनिंग पहले से शुरू कर दी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने भारतीय टीम के एशिया कप ट्रेनिंग सेशन के पहले दिन का अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि माहौल बहुत जीवंत और सकारात्मक है, चारों ओर हंसी-मजाक का माहौल है और यह पहला दिन होने के बावजूद टीम पूरी तरह से पहले मैच के लिए तैयार दिख रही है। वहीं, इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज 2-2 से ड्रॉ करवाने में अहम भूमिका निभाने वाले शुभमन गिल ने कहा कि यह टीम वास्तव में बेहतरीन है। उन्होंने टी20 फॉर्मेट में टीम के खेल को मनोरंजक और शानदार बताते हुए कहा कि इस टीम के साथ खेलने के लिए वह बेहद उत्साहित हैं।


