बांग्लादेश ने अफगानिस्तान को 3 रन से हराया, मुस्ताफिजुर ने आख़िरी ओवर में की आक्रामक गेंदबाजी

0

अबू धाबी। एशिया कप 2018 के सुपर-4 के रोमांचक मुकाबले में बांग्लादेश ने अफगानिस्तान को तीन रन से हरा दिया. अबू धाबी के शेख जायेद स्टेडियम में खेले गए इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. टीम ने अफगानिस्‍तान को सात विकेट पर 249 रन की चुनौती दी. इसके बाद स्कोर का पीछा कर रही अफगानिस्तानी टीम को तय 50 ओवर में सात विकेट पर 246 रन पर रोककर शिकस्त दे दी.

बता दें किे इस मुकाबले में हार के बाद अफगानिस्तान फाइनल की रेस से करीब बाहर हो चुका है. वहीं बांग्लादेश को फाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को हराना होगा. ये मैच बुधवार को खेला जाना है.मुस्ताफिजुर रहमान (44/2) की आखिरी ओवर में की गई गेंदबाजी ने टीम को जीत के करीब ला खड़ा किया. दरअसल अफगानिस्तान को आखिरी ओवर में जीत के लिए आठ रन बनाने थे, लेकिन मुस्ताफिजुर की बेहतरीन गेंदबाजी के चलते टीम के हाथ नाकामयाबी ही लगी.मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने पहुंची बांग्लादेश ने एक समय 87 रन पर ही अपने पांच अहम विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद महमुदुल्लाह और कायेस ने छठे विकेट के लिए 128 रन की साझेदारी कर टीम को 200 के पार पहुंचाया.

महमुदुल्लाह (74) और इमरूल कायेस (नाबाद 72) के अर्धशतकों के अलावा महमुदुल्लाह 81 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के जड़कर 215 के स्कोर पर आउट हुए. यह उनका यह 20वां अर्धशतक है. कायेस ने 89 गेंदों की नाबाद पारी में छह चौके जड़े और यह उनका वनडे में 15वां अर्धशतक है.