Asia Cup Hockey: देर से शुरू हुआ मैच, रोमांचक ड्रॉ पर खत्म, भारत को कोरिया से मिला सिर्फ 1 अंक

0

नई दिल्ली: मेज़बान भारत ने बुधवार, 3 सितंबर 2025 की रात पुरुष एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के सुपर चार चरण के अपने पहले मुकाबले में गत चैंपियन कोरिया के खिलाफ कई मौक़े गंवाए और अंततः 2-2 से ड्रॉ खेला। गेंद पर कब्ज़े और मौक़े बनाने के लिहाज़ से भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहतर रहा, लेकिन कोरियाई खिलाड़ियों ने मजबूत रक्षात्मक खेल दिखाते हुए बराबरी सुनिश्चित कर ली।

भारत और कोरिया को बांटना पड़ा 1-1 अंक

दोनों टीमों को 1-1 अंक मिला। हार्दिक सिंह (8वें मिनट) ने भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई, जिसके बाद यांग जिहुन (12वें मिनट) और ह्योनहोंग किम (14वें मिनट) ने लगातार गोल करके कोरिया को आगे कर दिया। मनदीप सिंह (52वें मिनट) ने अंतिम क्वार्टर में बराबरी हासिल की। भारत अब गुरुवार को मलेशिया से खेलेगा। कोरिया की टीम चीन का सामना करेगी।

भारतीय हॉकी टीम का दबदबा, ग्रुप स्टेज में जीते सभी मुकाबले

भारतीय टीम ने पूल ए के सभी मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज की। उसने पहले चीन को 4-3 से मात दी, फिर जापान को 3-2 से हराया और इसके बाद कजाकिस्तान को 15-0 के विशाल अंतर से रौंद दिया। सुपर चार चरण में कोरिया के खिलाफ मुकाबला भारी बारिश के कारण लगभग 50 मिनट देरी से शुरू हुआ। शुरुआती पलों से ही हार्दिक ने मिडफ़ील्ड में अपने सटीक ड्रिबल और तेज़ खेल से भारत के प्रदर्शन को मजबूती दी।

भारत का अटैक फेल, कोरिया की रक्षापंक्ति बनी दीवार

भारत ने मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज़ में की और दूसरे ही मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। सातवें मिनट में टीम को लगातार दो और पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन कोरियाई रक्षापंक्ति ने उन्हें गोल में बदलने नहीं दिया। हालांकि, एक मिनट बाद ही भारत ने हार्दिक के शानदार खेल की बदौलत बढ़त बना ली। हाफलाइन पर सुखजीत सिंह ने हार्दिक को सटीक पास दिया और हार्दिक ने 4-5 कोरियाई रक्षकों को चकमा देते हुए गेंद को गोलकीपर के ऊपर से नेट में डालकर मेज़बान टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।

भारत की एक गलती पड़ी भारी, कोरिया ने बराबरी का गोल दागा

हालांकि, भारत की रक्षात्मक गलती ने 12वें मिनट में कोरिया को बराबरी का मौका दे दिया। सर्कल के अंदर जुगराज सिंह ने एक कोरियाई खिलाड़ी को धक्का दे दिया, जिसके चलते कोरिया को पेनल्टी स्ट्रोक मिला। जिहुन यांग ने इस मौके को भुनाते हुए गोल दागा और स्कोर 1-1 कर दिया। इसके सिर्फ दो मिनट बाद ही कोरिया ने एक और गोल कर भारत पर दबाव बढ़ा दिया।

पहले हाफ में कोरिया पर हावी रहा, लेकिन भारत 1-2 से पीछे

ह्योनहोंग किम ने कोरिया को बढ़त दिलाने के लिए अपने पहले ही पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया। यह दूसरा गोल भारतीय टीम के लिए झटका साबित हुआ और खिलाड़ी थोड़े दबाव में नज़र आए। हालांकि भारत कई बार कोरियाई सर्कल में दाखिल हुआ, लेकिन मज़बूत रक्षापंक्ति को भेदने में नाकाम रहा। पहले हाफ तक भारत 1-2 से पीछे था। इसके बाद कोरिया ने खेल की गति धीमी कर दी और गेंद पर कब्ज़ा बनाए रखते हुए मैच पर नियंत्रण बनाने की कोशिश की।

भारत को बराबरी का मौका, लेकिन सुखजीत सिंह नहीं कर पाए गोल

भारत को 41वें मिनट में बराबरी का सुनहरा अवसर मिला, लेकिन मनप्रीत सिंह के बेहतरीन पास पर सुखजीत सिंह गोल करने में नाकाम रहे। तीसरे क्वार्टर के समापन से कुछ सेकंड पहले टीम इंडिया को चौथा पेनल्टी कॉर्नर मिला, मगर हरमनप्रीत सिंह का प्रयास भी कोरियाई डिफेंस ने नाकाम कर दिया। चौथे और अंतिम क्वार्टर में भारत ने लगातार मौके बनाए और दबाव भी बनाया, लेकिन फॉरवर्ड लाइन स्ट्राइकिंग सर्कल के भीतर ही चूक गई और कई आसान मौक़े गोल में बदलने से रह गए।

भारत के लगातार दबाव से टूटा कोरियाई डिफेंस, मिली बराबरी

भारत को 49वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर का मौका मिला, लेकिन जुगराज सिंह की फ्लिक को कोरियाई खिलाड़ी ने रोक दिया। हालांकि लगातार दबाव का असर दिखा और आखिरकार कोरियाई डिफेंस लड़खड़ा गया। मनदीप सिंह ने सुखजीत के शानदार सहयोग से गोल दागकर भारत को 2-2 की बराबरी दिला दी। इसके तुरंत बाद भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन अमित रोहिदास का शॉट वाइड चला गया। अंतिम सीटी बजने तक भारतीय टीम ने आक्रामक खेल जारी रखा और विजयी गोल की कोशिश की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। वहीं, दिन के पहले सुपर चार मुकाबले में मलेशिया ने चीन को 2-0 से हराया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here