एशिया कप स्क्वॉड लगभग फाइनल, 2 स्थान पर सस्पेंस, कई खिलाड़ी दावेदार

0

नई दिल्ली। एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम का ऐलान मंगलवार (19 अगस्त) को किया जाएगा। अजीत अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति इस टूर्नामेंट के लिए 17 सदस्यीय टीम चुन सकती है। अधिकांश खिलाड़ियों के नाम लगभग तय माने जा रहे हैं, लेकिन चयनकर्ताओं के लिए सबसे बड़ी चुनौती दो स्लॉट को लेकर है। इनमें से एक जगह तेज गेंदबाज के लिए होगी, जबकि दूसरे स्लॉट को लेकर यह तय करना है कि स्पेशलिस्ट बल्लेबाज को चुना जाए या फिर ऑलराउंडर को तरजीह दी जाए।

तेज गेंदबाज के दावेदार
मोहम्मद सिराज

इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में शानदार प्रदर्शन करने वाले सिराज को टीम से बाहर रखने का कारण सिर्फ उनका वर्कलोड मैनेजमेंट हो सकता है। पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में उन्होंने सबसे ज्यादा ओवर फेंके और विकेट भी लिए। अपनी पहली गेंद से आखिरी तक उन्होंने तेज़ी और आक्रामकता बनाए रखी। चयनकर्ताओं के लिए उन्हें आराम देना या टीम में रखना सबसे बड़ी दुविधा है।

हर्षित राणा

युवा गेंदबाज हर्षित राणा ने आईपीएल और घरेलू क्रिकेट दोनों में विकेट चटकाकर सबका ध्यान खींचा है। हालांकि लंबा स्पेल डालते वक्त उनकी ऊर्जा और लय में गिरावट देखी गई है। इसके बावजूद उनकी आक्रामक गेंदबाजी ने उन्हें मुख्य कोच गौतम गंभीर का भरोसेमंद खिलाड़ी बना दिया है।

प्रसिद्ध कृष्णा

लंबे कद के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा का प्रदर्शन इंग्लैंड सीरीज में बेहतर हुआ था। वे उछाल और मूवमेंट वाली परिस्थितियों में ज्यादा खतरनाक साबित होते हैं। हालांकि, दुबई की पिचें उनके लिए कितनी कारगर साबित होंगी, यह बहस का विषय है। जब भी उन्हें जिम्मेदारी मिली है, उन्होंने प्रभावी प्रदर्शन किया है।

बल्लेबाज या ऑलराउंडर?
श्रेयस अय्यर

अगर चयनकर्ता स्पेशलिस्ट बल्लेबाज पर दांव लगाते हैं तो श्रेयस अय्यर सबसे आगे हैं। वह दो अलग-अलग आईपीएल फ्रेंचाइजियों को लगातार दो सीजन फाइनल तक ले गए हैं। कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों में उनका रिकॉर्ड मजबूत है।

रिंकू सिंह

आईपीएल में अंतिम ओवरों में मैच फिनिश करने के लिए मशहूर रिंकू सिंह भारतीय टीम में भी यह भूमिका निभा चुके हैं। उनका लगातार पांच छक्कों वाला कारनामा आज भी सुर्खियों में रहता है। हालांकि, गंभीर की रणनीति में फिनिशर की अहमियत कितनी होगी, यह देखना दिलचस्प होगा।

रियान पराग

असम के युवा बल्लेबाज रियान पराग प्रतिभाशाली हैं लेकिन अभी तक लगातार प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। कुछ प्रभावशाली पारियां खेलने के बावजूद उन्होंने टीम को जीत दिलाने वाली पारी कम ही खेली है। पार्ट टाइम ऑफ स्पिन उनके लिए बोनस हो सकता है, लेकिन चयनकर्ताओं को उनके परिपक्व होने का इंतजार है।

वाशिंगटन सुंदर

इंग्लैंड दौरे पर शानदार प्रदर्शन करने वाले वाशिंगटन सुंदर के पास ऑलराउंडर का बेहतरीन विकल्प बनने का मौका है। बल्लेबाजी से उन्होंने टीम को संकट से उबारा, वहीं गेंदबाजी से महत्वपूर्ण विकेट भी झटके। दुबई की पिचों पर उनका अनुभव और कौशल काफी काम आ सकता है। गंभीर की रणनीति में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में गहराई की चाहत उनके लिए प्लस पॉइंट हो सकती है।

एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया लगभग तय है, लेकिन चयनकर्ताओं के लिए सबसे बड़ी चुनौती दो स्लॉट को लेकर होगी। एक ओर तेज गेंदबाजों में सिराज, हर्षित और प्रसिद्ध कृष्णा के बीच टक्कर होगी, तो दूसरी ओर बल्लेबाज और ऑलराउंडर में श्रेयस, रिंकू, पराग और सुंदर दावेदारी ठोक रहे हैं। अब देखना यह होगा कि चयनकर्ता अनुभव पर भरोसा करते हैं या युवा खिलाड़ियों को बड़ा मौका देते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here