एशियन गेम्स: कबड्डी में भारत की पुरुष और महिला टीमों की जीत, पुरुषों का पदक पक्का

0

नई दिल्ली : भारत ने एशियन गेम्स 2026 की कबड्डी स्पर्धा में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए बुधवार को महिला और पुरुष दोनों वर्गों में जीत दर्ज की। भारतीय महिला टीम ने अपने दूसरे ग्रुप मुकाबले में 2018 की स्वर्ण पदक विजेता ईरान को 37-23 से हराया। वहीं, पुरुष टीम ने ग्रुप ए के तीसरे मैच में बांग्लादेश को 48-25 से मात देकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। पुरुष टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही भारत का एक और पदक भी सुनिश्चित हो गया है।

महिला टीम की जीत से कोच का भरोसा बढ़ा

महिला कोच नीता डाडवे ने मैच के बाद कहा, ‘हमने ईरान के खिलाफ काफी रणनीति बनाई थी। पहली बार हम 10 से अधिक अंक से जीते हैं। इससे पहले सारे मुकाबले करीबी रहे हैं।’ यह पूछने पर कि भारत को कौन हरा सकता है, उन्होंने कहा, कोई नहीं। हम विश्व में नंबर एक हैं और यह हमारा खेल है। इसकी शुरुआत भारत में हुई। हमारे पास बेहतरीन खिलाड़ी, तकनीक, रफ्तार और दमखम के साथ आत्मविश्वास है।

भारतीय महिला टीम ने इससे पहले अपने शुरुआती मुकाबले में बांग्लादेश को 42-21 से हराया था। अब उसका सामना गुरुवार को जापान से होगा। वहीं, पुरुष टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले हाफ में ही 29-9 की मजबूत बढ़त बना ली थी। दूसरे हाफ में बांग्लादेश ने बेहतर प्रदर्शन किया, लेकिन भारतीय बढ़त को पाटने में सफल नहीं हो सका। पुरुष टीम ने इससे पहले जापान को 49-24 और दक्षिण कोरिया को 63-31 से हराया था। अब भारतीय पुरुष टीम का सामना चीनी ताइपे से होगा। भारत की महिला और पुरुष दोनों टीमों ने पिछली बार हांगझोउ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here