एशियन जूनियर जूडो चैंपियनशिप: हिमांशी टोकस ने जीता स्वर्ण, भोपाल के खिलाड़ियों ने बढ़ाया भारत का मान

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल।  इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में आयोजित एशियन जूनियर जूडो चैंपियनशिप 2025 में भारत के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का मान बढ़ाया। इस प्रतियोगिता में SAI NCOE भोपाल की जूडोका हिमांशी टोकस ने 63 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उन्होंने न केवल एशिया में शीर्ष स्थान हासिल किया बल्कि अपने वर्ग में विश्व नंबर-1 बनने का गौरव भी पाया। यह उपलब्धि भारतीय जूडो के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित हुई, जिसने देशभर के खेल प्रेमियों को गर्व से भर दिया।

भारत की पदक तालिका को और मजबूत बनाते हुए कंवरप्रीत कौर ने +78 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। वहीं, आरुष दत्ता ने 60 किलोग्राम वर्ग में शानदार खेल दिखाकर कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा, शारधा चोपड़े ने 52 किलोग्राम भार वर्ग में उम्दा खेल दिखाते हुए सातवां स्थान पाया। इन प्रदर्शन से साफ है कि भारतीय जूडो खिलाड़ी एशिया के मंच पर मजबूती से अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। खासतौर पर हिमांशी टोकस की स्वर्णिम जीत ने भारतीय जूडो को नई ऊँचाइयों तक पहुंचा दिया है।

इस शानदार सफलता पर SAI CRC भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक अभिषेक सिंह चौहान ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धियां खिलाड़ियों और कोचों की कड़ी मेहनत तथा SAI की आधुनिक सुविधाओं का नतीजा हैं। उन्होंने विशेष रूप से हिमांशी टोकस की तारीफ की और कहा कि उनका विश्व नंबर-1 बनना भारतीय खेल इतिहास में यादगार क्षण है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगी। SAI NCOE भोपाल लगातार ऐसे खिलाड़ियों को तैयार कर रहा है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here