भोपाल। मैन ऑफ द मैच पल्लव गोधर (पांच विकेट) की सटीक गेंदबाजी के बाद कप्तान अदम्य पचौरी (62 रन) के बल्ले से आए अर्धशतक की बदौलत जयहिंद हाउस ने वंदेमातरम हाउस को पांच विकेट से हराते हुए अरेरा प्रीमियर लीग अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया है। अंकुर मैदान पर बुधवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में सिक्का गंवाकर बल्लेबाजी करते हुए वंदेमातरम हाउस ने 37.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 168 रन बनाए। उसकी ओर से सलामी बल्लेबाज अक्षत वाजपेयी ने 60 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। इस लीग में उनका लगातार चौथा अर्धशतक है। अक्षत के अलावा शालीन महेश्वरी ने 22 और आर्यन मालवीय ने 16 रन जुटाए। जयहिंद के लिए मोनीश माखीजा ने तीन और सोमू दुबे ने दो विकेट लिए। जवाब में जयहिंद हाउस ने 23.1 ओवर में पांच विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। कप्तान अदम्य पचौरी के अलावा युवराज सोलंकी ने 33 और मो. मुस्तफा खान ने 22 रनों का योगदान दिया। शालीन महेश्वरी और रोहित करोले ने दो-दो विकेट लिए। अनुरव पटेल को एक सफलता मिली। पल्लव गोधर को मैन ऑफ द फाइनल चुना गया। जिला खेल अधिकारी जोस चाको और संस्कार भारती विद्या पीठ स्कूल के शांतनु शर्मा ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।

