नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार (21 जुलाई) को अगस्त में बांग्लादेश के खिलाफ खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिए 13 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी। टीम में कप्तान पैट कमिंस, तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड और अनुभवी स्पिनर नाथन लियोन की वापसी हुई है। तीनों खिलाड़ी पिछली एशेज श्रृंखला के दौरान चोट के कारण टीम से बाहर हो गए थे। वहीं, हालिया खराब फॉर्म के बावजूद चयनकर्ताओं ने मार्नस लाबुशेन पर भरोसा बरकरार रखते हुए उन्हें भी टीम में शामिल किया है। अनुभवी खिलाड़ियों की वापसी से ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले से अधिक संतुलित और मजबूत नजर आ रही है।
जोश हेजलवुड हैमस्ट्रिंग में खिंचाव से उबरने के दौरान अकिलीज़ की चोट का भी शिकार हो गए थे, जिसके कारण वह पूरी एशेज श्रृंखला नहीं खेल सके। वहीं, अनुभवी स्पिनर नाथन लियोन को एडिलेड में खेले गए तीसरे टेस्ट के दौरान हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद उन्हें सर्जरी करानी पड़ी। दूसरी ओर, कप्तान पैट कमिंस भी पीठ के निचले हिस्से की चोट से जूझ रहे थे और एशेज में केवल एडिलेड टेस्ट ही खेल सके। अब तीनों अनुभवी खिलाड़ियों की वापसी से बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में ऑस्ट्रेलियाई टीम को बड़ा मजबूती मिलने की उम्मीद है।
आईपीएल 2026 के बाद फिर तैयार हेजलवुड और कमिंस
ऑस्ट्रेलिया के एशेज जीतने के बाद एहतियात के तौर पर वह आखिरी दो टेस्ट मैचों में नहीं खेले। हेजलवुड और कमिंस भारत और श्रीलंका में हुए टी20 वर्ल्ड कप से भी बाहर हो गए थे। दोनों की इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में वापसी हुई। दूसरी ओर, लियोन ने एडिलेड टेस्ट के बाद से कोई कॉम्पिटिटिव मैच नहीं खेला है।
माइकल नेसर और ब्रेंडन डॉगेट टीम से बाहर
तीन एशेज टेस्ट में 15 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन करने वाले माइकल नेसर और ब्रेंडन डॉगेट को सीनियर पेसरों की वापसी के बाद बाहर कर दिया गया है। नेसर, डॉगेट और ऑफ स्पिनर टॉड मर्फी मेन स्क्वाड के साथ ट्रेनिंग करेंगे। अगर ऑस्ट्रेलिया को किसी भी समय जरूरत पड़ी तो वे टीम में आ सकते हैं।
टॉप ऑर्डर में नहीं हुआ कोई बदलाव
ऑस्ट्रेलिया ने अपनी बल्लेबाजी क्रम में कोई बदलाव नहीं किया है और शीर्ष क्रम पर पहले जैसा भरोसा कायम रखा है। एशेज श्रृंखला में पदार्पण करने वाले जेक वेदराल्ड ने पांच टेस्ट में 201 रन बनाए थे और बांग्लादेश के खिलाफ भी उनके शीर्ष क्रम में खेलने की संभावना है। वहीं, खराब फॉर्म के बावजूद चयनकर्ताओं ने मार्नस लाबुशेन पर भरोसा बनाए रखा है। एशेज में उन्होंने नौ पारियों में 28.78 की औसत से 259 रन बनाए थे, जबकि वेस्टइंडीज दौरे के दौरान उन्हें प्लेइंग इलेवन से भी बाहर बैठना पड़ा था। अब बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला में उनके पास अपनी उपयोगिता साबित करने का अच्छा मौका होगा। दोनों टेस्ट मुकाबले 13-17 अगस्त को डार्विन और 22-26 अगस्त को मैके में खेले जाएंगे।
ऑस्ट्रेलिया का स्क्वाड
पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, जेक वेदरल्ड, ब्यू वेबस्टर।


