नई दिल्ली : रणजी ट्रॉफी 2026-27 के दूसरे दौर में दिल्ली के कप्तान आयुष बडोनी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दोहरा शतक जड़ दिया। गुजरात के खिलाफ पालम में खेले जा रहे मुकाबले के दूसरे दिन बडोनी की दमदार पारी की बदौलत दिल्ली ने 500 रन का आंकड़ा पार कर लिया। इससे पहले दिल्ली के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या भी दोहरे शतक के करीब पहुंच गए थे, लेकिन वह महज एक रन से चूक गए और 199 रन बनाकर आउट हो गए।
दिल्ली के बल्लेबाजों ने अपनी पारियों से टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। बडोनी ने रणजी ट्रॉफी में अपना दूसरा दोहरा शतक 233 गेंद पर 20 चौके और 2 छक्कों की मदद से जड़ा। गुजरात की हालत खराब दिखाई दे रही है। दूसरे दिन पहले सत्र में दिल्ली का पलड़ा भारी रहा। उसका एक भी विकेट नहीं गिरा और 146 रन बने। लंच तक दिल्ली ने 4 विकेट पर 527 रन बन लिए हैं।
बडोनी-माथुर ने जोड़े 151 रन, दिल्ली की पारी को दी मजबूती
बडोनी को सुमित माथुर से अच्छा साथ मिला है। वह 49 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 151 रनों की साझेदारी हो गई है। प्रियांश आर्या ने 220 गेंद पर 24 चौके और 6 छक्कों की मदद से 199 रन बनाए। सनत सांगवान 8, यश ढुल 10 और आयुष दोसेजा 29 रन बनाकर आउट हुए। गुजरात के लिए हर्षल पटेल ने 2 और मनन हिंगराजा ने 1 विकेट लिए हैं। बता दें कि दिल्ली को राउंड-1 में बंगाल से हार का सामना करना पड़ा था।


