मुंबई की जीत में आयुष महात्रे की बैटिंग और शार्दुल की गेंदबाजी का जलवा, शमी के 3 विकेट काम नहीं आए

0

नई दिल्ली: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के लीग मैच में मुंबई ने आयुष महात्रे की शानदार बल्लेबाजी और कप्तान शार्दुल ठाकुर की घातक गेंदबाजी की मदद से छत्तीसगढ़ को 8 विकेट से हराया। वहीं, बंगाल की टीम को पुडुचेरी ने 81 रन के बड़े अंतर से हराया। मुंबई-छतीसगढ़ के बीच हुए मैच में छत्तीसगढ़ ने पहले बैटिंग की और 19.4 ओवर में 121 रन पर ऑलआउट हो गई और इसके बाद मुंबई ने 15.5 ओवर में 2 विकेट पर 123 रन बनाकर मैच जीत लिया। वहीं बंगाल और पुडुचेरी के बीच हुए मैच में पुडुचेरी ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 177 रन बनाए और इसके जवाब में बंगाल की टीम 13.5 ओवर में सिर्फ 96 रन पर सिमट गई।

आयुष महात्रे की धमाकेदार बल्लेबाजी

मुंबई को जीत के लिए 122 रन का आसान लक्ष्य मिला था, और टीम के युवा ओपनर आयुष महात्रे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों पर नाबाद 69 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई। अजिंक्य रहाणे ने भी 28 गेंदों में 40 रन की अच्छी पारी खेली। छत्तीसगढ़ के खिलाफ मुंबई के कप्तान शार्दुल ठाकुर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि तुषार देशपांडे, अथर्व अंकोलकर और सूर्यांश शेडगे ने 2-2 विकेट लिए और शस्म मुलानी ने एक सफलता हासिल की।

शमी के 3 विकेट भी नहीं बचा पाए बंगाल

बंगाल और पुडुचेरी के बीच हुए मुकाबले में बंगाल का प्रदर्शन कमजोर रहा और टीम 177 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केवल 96 रन पर ऑल आउट हो गई। पुडुचेरी की ओर से कप्तान अमन खान ने 74 रन की शानदार पारी खेली। बंगाल की तरफ से मोहम्मद शमी ने 4 ओवर में 34 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि करन लाल ने 40 रन की सर्वाधिक पारी खेली। पुडुचेरी की तरफ से जयंत यादव ने 4 ओवर में 28 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here