नई दिल्ली : पाकिस्तान क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम फिलहाल लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। हालांकि वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की टीम का हिस्सा हैं, लेकिन इस टूर्नामेंट में अब तक कोई भी अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं। नामीबिया के खिलाफ ग्रुप स्टेज के अंतिम मैच में उन्हें बल्लेबाजी का अवसर भी नहीं मिला। इसके बावजूद बाबर के पास सुपर-8 स्टेज के पहले मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ नया इतिहास रचने का मौका है। यह मुकाबला 21 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आयोजित होगा।
बाबर आजम के पास टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 12000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने का मौका है। इस मामले में वह क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। बाबर को टी20 क्रिकेट में 12000 रन पूरे करने के लिए 20 रन की जरूरत है। अगले मैच में बाबर के पास सबसे तेज 12000 टी-20 रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा। फिलहाल यह रिकॉर्ड क्रिस गेल ने नाम हैं, जिन्होंने इसके लिए 343 पारियां खेली थी। लिस्ट में दूसरे नंबर पर फिलहाल विराट कोहली का नाम है। विराट ने 360 पारियों में 12000 टी20 रन पूरे किए थे।
आजम ने टी-20 फॉर्मेट में अभी तक 346 मैच की 334 पारियों में 41.97 की औसत और 128.37 की स्ट्राइक रेट से 11880 रन बनाए हैं। इसका मतलब है कि अगर वो न्यूजीलैंड के खिलाफ सुपर-8 मैच में 20 रन बनाते हैं तो वह 335 पारियों में 12000 टी-20 रन बनाने वाले पाकिस्तान के दूसरे और दुनिया के 12वें खिलाड़ी बन जाएंगे। इससे पहले पाकिस्तान के लिए टी20 फॉर्मेट में 12000 रनों के आंकड़े तक सिर्फ शोएब मलिक ही पहुंच पाए थे।
बाबर आजम ने टी20 वर्ल्ड कप में अब तक 20 मैचों में कुल 615 रन बनाए हैं। यदि वह अगले मैच में 32 रन और बना लेते हैं, तो वह पाकिस्तान के लिए टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में शोएब मलिक को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल कर लेंगे। मलिक ने इस टूर्नामेंट में 31 मैचों में 646 रन बनाए थे। मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में बाबर का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है; अब तक तीन मैचों में उन्होंने कुल 66 रन ही बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 46 रन रहा। हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में बाबर का रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है।


