बाबर आजम, रिजवान और शाहीन अफरीदी को लगा बड़ा झटका, टी20 सीरीज के लिए नहीं होंगे टीम का हिस्सा

0

नई दिल्ली: बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान और शाहीन अफरीदी पिछले कुछ वक्त से पाकिस्तान टी20 टीम से बाहर चल रहे हैं और एक बार फिर से इन तीनों पर गाज गिर सकती है। पाकिस्तान के चयनकर्ताओं ने साफ कर दिया है कि वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के खिलाफ खेले जाने वाले टी20 सीरीज के लिए ये तीनों टीम का हिस्सा नहीं होंगे।

इन तीनों पर गाज सकती है गिर

आकिब जावेद, अलीम डार, अजहर अली और असद शफीक सहित पाकिस्तानी चयनकर्ता अगले सप्ताह वेस्टइंडीज और बांग्लादेश में होने वाली सीरीज के लिए टी20 टीम की घोषणा कर सकते हैं जो जुलाई-अगस्त में खेली जाएंगी। पाकिस्तानी चयनकर्ताओं और मुख्य कोच माइक हेसन ने पहले ही बाबर, रिजवान और शाहीन को बता दिया है कि अगले टी20 सीरीज के लिए टीम को उनकी जरूरत नहीं है और उन्हें आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप और वनडे मैचों पर अधिक ध्यान देना चाहिए।

पाकिस्तान को जुलाई के आखिरी सप्ताह में वेस्टइंडीज का दौरा करना है, जहां उसे तीन टी-20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। वेस्टइंडीज में खेलने के बाद पाकिस्तान को बांग्लादेश में तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेलनी है, लेकिन अगस्त में इसे पांच मैचों की सीरीज में बदलने का सुझाव दिया गया है। पाकिस्तान को अगस्त के आखिर में अफगानिस्तान की मेजबानी में टी-20 सीरीज भी खेलनी है, जो सितंबर में होने वाले एशिया कप (अभी तक पुष्टि नहीं हुई है) और अगले साल की शुरुआत में होने वाले आईसीसी विश्व टी-20 कप की तैयारी के लिए है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पैनल और हेसन आगामी सीरीज के लिए टी-20 टीम में नए युवा खिलाड़ियों को उचित मौका देना चाहते हैं। वैसे माना जा रहा है कि अगर चीजें ज्यादा खराब होती है तो चयनकर्ता फिर से इन तीनों को टीम में चुन सकते हैं। वैसे इन तीनों सीनियर खिलाड़ियों को न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के खिलाफ पिछली दो सीरीज के लिए पाकिस्तान की टी-20 टीम में नहीं चुना गया था और इससे पहले भी बाबर को ऑस्ट्रेलिया, जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका में टी-20 सीरीज के लिए नजरअंदाज किया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here