31.6 C
New Delhi
Friday, March 13, 2026

Badminton: मकाऊ ओपन में भारत का जलवा, लक्ष्य-तरूण और रक्षिता दूसरे दौर में, आयुष ने भी किया कमाल

नई दिल्ली: भारत के लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी और तरूण मन्नेपल्ली ने मकाऊ ओपन बीडब्ल्यूएफ सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष वर्ग के दूसरे दौर में जगह बना ली है। राष्ट्रमंडल खेल चैंपियन लक्ष्य सेन ने कोरिया के जियोन हियोक जिन को सीधे गेम में 21-8, 21-14 से हराया। वहीं, विश्व रैंकिंग में 31वें स्थान पर काबिज आयुष शेट्टी ने चीनी ताइपै के हुआंग यू केइ को महज 31 मिनट में 21-10, 21-11 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। लक्ष्य का सामना इंडोनेशिया के चिको औरा द्वि वार्दोयो और रित्विक संजीवी सतीश कुमार के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा । वहीं तरूण की टक्कर शीर्ष वरीयता प्राप्त हांगकांग के ली चियुक यू से होगी। महिला एकल में रक्षिता रामराज एकमात्र भारतीय रहीं जिन्होंने दूसरे दौर में जगह बनाई। उन्होंने थाईलैंड की पोर्नपिचा चोएकीवोंग को 63 मिनट में 18-21 21-17 22-20 से शिकस्त दी।

मिश्रित युगल में दुनिया में 18वें स्थान पर काबिज और टूर्नामेंट की पांचवीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में जगह बनाई। इस जोड़ी ने थाईलैंड के रत्चपोल मक्कासितोर्न और नट्टामोन लाइसुआन को महज 26 मिनट में 21-10, 21-15 से पराजित किया। वहीं, पुरुष युगल में पी. कृष्णामूर्ति रॉय और एस. प्रतीक की भारतीय जोड़ी ने अपने ही देश के डी. कोनाथोयूजाम और अमान मोहम्मद को 21-18, 21-19 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। एच एस प्रणय को इंडोनेशिया के योहानेस एस मार्शेलिनो के हाथों 21-18, 15-21, 15-21 से पराजय झेलनी पड़ी। पुरुष एकल में सतीश कुमार करुणाकरण का सफर समाप्त हो गया। उन्हें प्री-क्वार्टर फाइनल में मलेशिया के जस्टिन होह से 37 मिनट में 19-21, 12-21 से हार का सामना करना पड़ा। रित्विक संजीवी सतीश कुमार एक अन्य मैच में चिको से 16-21 8-21 से हार गए।

महिला एकल में उन्नति हुड्डा को डेनमार्क की जूली डवाल जाकोबसन ने 16-21, 21-19, 21-17 से मात दी। अनुपमा उपाध्याय को जापान की रिको गुंजी ने 21-16, 21-10 से हराया। शंकर सुब्रहमण्यन और आकर्षि कश्यप को पहले दौर में चीन के हू जे अन और जापान की नोजोमी ओकुहारा ने क्रमश: 21-18, 21-14 और 21-14, 21-16 से हराया । किरण जॉर्ज हांगकांग के एंग का लोंग एंगस से 31 मिनट में 21-15, 21-10 से हार गए। अनमोल खरब को थाईलैंड के बुसानन ओंगबामरूंगफन ने 23-21, 21-11 से हराया । पूर्व जूनियर विश्व नंबर एक खिलाड़ी तसनीम मीर को तोक्यो ओलंपिक चैम्पियन चेन यू फेइ ने 21-6, 21-14 से मात दी।

मिश्रित युगल में थांद्रांगिनी हेमा नागेंद्र बाबू और प्रिया कोनजेंगबाम थाईलैंड की फुवानाट होर्बनलुइकिट और फुंगफा कोर्पथाम्माकिट से 11-21, 14-21 से हार गईं। आयुष अग्रवाल और श्रुति मिश्रा भी शुरुआती दौर में इंडोनेशिया के रेहान नौफल कुशरजंतो और ग्लोरिया इमानुएल विदजाजा से 10-21, 11-21 से हारकर बाहर हो गए। रोहन कपूर और रुथविका शिवानी गाडे की 34वीं रैंकिंग की जोड़ी चीनी ताइपे के वू गुआन झुन और ली चिया सिन से 37 मिनट तक चले मुकाबले में 20-22, 17-21 से हार गई। वहीं टी हेमा नागेंद्र बाबू और प्रिया कोंजेंबाम को थाईलैंड के फुवानात एच और फुंगफा के ने 21-11, 21-14 से हराया ।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles