बासेल (स्विट्जरलैंड)। कॉमनवेल्थ गेम्स के ब्रोन्ज मेडलिस्ट आरएमवी गुरुसाईदत्त स्विस ओपन सुपर 300 टूर्नामेंट के मेंस सिंगल्स के एकतरफा क्वॉर्टरफाइनल में हारकर बाहर हो गए। टखने की चोट से उबरने के बाद वापसी कर रहे गुरुसाईदत्त को 35 मिनट तक चले मुकाबले में थाईलैंड के कांटाफोन वांगचारोएन से 8-21 15-21 से हार मिली। वहीं ऑस्ट्रिया ओपन में राष्ट्रमंडल खेलों के चैम्पियन पारुपल्ली कश्यप और शुभांकर डे ने मेंस सिंगल्स के क्वॉर्टरफाइनल में जगह बनाई। दूसरे वरीय कश्यप ने मलेशिया के जिया वेई टान को 21-15, 22-20 से और चौथे वरीय शुभांकर ने मेक्सिको के जॉब कास्टिलो को 21-6 22-20 से मात दी। कश्यप का सामना डेनमार्क के सातवें वरीय विक्टर स्वेनडसेन से होगा जबकि शुभांकर की भिड़ंत मलेशिया के जुन हाओ लियोंग से होगी। हालांकि मेंस सिंगल्स से इरा शर्मा और राहुल यादव चिट्टाबोइना हारकर बाहर हो गए।

