बजरंग ने पेरिस ओलंपिक के मद्देनजर खेल मंत्रालय से कुश्ती गतिविधियां शुरू कराने का अनुरोध किया

0

नयी दिल्ली
ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पूनिया ने खेल मंत्रालय से अनुरोध किया कि देश में कुश्ती गतिविधियां फिर शुरू कराई जायें क्योंकि पेरिस ओलंपिक में सात महीने ही रह गए हैं । उन्होंने कहा कि ओलंपिक की तैयारियों को कोई गंभीरता से नहीं ले रहा है ।

भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों के प्रदर्शन के बाद से देश में पिछले कई महीने से कुश्ती ठप पड़ी है ।

डब्ल्यूएफआई के नये पदाधिकारियों के चुनाव के बाद भी विवाद खत्म नहीं हुआ क्योंकि खेल मंत्रालय ने संजय सिंह की अध्यक्षता वाली पैनल को निलंबित कर दिया जिसने राष्ट्रीय अंडर 15 और अंडर 20 चैम्पियनशिप का ऐलान करके अपने ही संविधान का उल्लंघन किया था ।

बजरंग ने एक्स पर लिखा ,'' पिछले कई महीने से कुश्ती गतिविधियां बंद पड़ी है । कोई राष्ट्रीय चैम्पियनशिप या शिविर भी आयोजित नहीं किया गया ।''

संजय सिंह के अध्यक्ष बनने पर अपना पद्मश्री सम्मान लौटाने वाले बजरंग ने कहा ,'' सात महीने बाद ओलंपिक है लेकिन कोई गंभीरता से नहीं ले रहा । कुश्ती ने पिछले चार ओलंपिक में हमें लगातार पदक दिये हैं ।'' उन्होंने कहा ,'' मैं खेल मंत्रालय से अनुरोध करता हूं कि कुश्ती गतिविधियां जल्दी शुरू कराई जाये ताकि खिलाड़ियों का भविष्य सुरक्षित रहे ।''

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here