बांग्लादेश के कप्तान ने टेस्ट मैच की कप्तानी छोड़ने का किया फैसला, कही ये बात

0

नई दिल्ली: बांग्लादेश क्रिकेट टीम को श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में पारी और 78 रनों से हार का सामना करना पड़ा। मैच के साथ बांग्लादेश ने टेस्ट सीरीज गंवा दी थी। दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट मुकाबला ड्रॉ रहा था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अब बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हसन शान्तो ने टेस्ट कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि हर फॉर्मेट में अलग कप्तान समझदारी नहीं है।

हसन शान्तो ने कहा

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नजमुल हसन शान्तो ने कहा कि मैं अब टेस्ट फॉर्मेट में कप्तान नहीं रहना चाहता हूं। मैंने टीम के अच्छे के लिए यह फैसला लिया है और मुझे लगता है कि इससे टीम को मदद मिलेगी। मैं पिछले कुछ समय से ड्रेसिंग रूम का हिस्सा रहा हूं। मुझे लगता है कि तीन अलग-अलग कप्तान तीन फॉर्मेट में समझदारी नहीं है। मुझे नहीं पता है कि बोर्ड इस बारे में क्या सोचेगा। मैं उनके हर फैसले का समर्थन करूंगा। यह मेरा पर्सनल फैसला है। मुझे लगता है कि टीम के लिए तीन अलग-अलग कप्तानों से निपटना मुश्किल होगा।

अपनी इच्छा से छोड़ी थी टी20 इंटरनेशनल टीम की कप्तानी

नजमुल हसन शान्तो बांग्लादेश के वनडे टीम के कप्तान भी थे। लेकिन बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने उनकी जगह मेहदी हसन मिराज को कप्तान बना दिया था। ऐसा माना जा रहा था कि वह वनडे के कैप्टन बने रहना चाहते थे। जबकि टी20 इंटरनेशनल टीम की कप्तानी उन्होंने अपनी इच्छा से छोड़ी थी और उनकी जगह लिटन दास कप्तान बने थे। अगर नजमुल बांग्लादेश के टेस्ट कप्तान बने रहते, तो बांग्लादेश के पास हर फॉर्मेट में अलग कप्तान हो जाता।

14 टेस्ट मैचों में की थी कप्तानी

नजमुल हसन शान्तो ने बांग्लादेश की टीम के लिए कुल 14 टेस्ट मैचों में कप्तानी की थी, जिसमें से टीम ने सिर्फ चार में जीत हासिल की और 9 में उसे हार का सामना करना पड़ा। जबकि एक टेस्ट मैच ड्रॉ रहा था। बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ उसके घर पर टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम की थी, तब कप्तानी की जिम्मेदारी नजमुल के पास ही थी।

37 टेस्ट मैचों में कुल 2189 रन बनाए

नजमुल हसन शान्तो ने बांग्लादेश की टीम के लिए 37 टेस्ट मैचों में कुल 2189 रन बनाए, जिसमें उनके बल्ले से 7 शतक और पांच अर्धशतक निकले हैं। इसके अलावा वनडे क्रिकेट में उनके नाम पर 1565 रन दर्ज थे। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने कुल 987 रन बनाए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here