ढाका. बांग्लादेश सरकार ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप से टीम के बाहर होने के मामले की जांच के लिए एक विशेष समिति का गठन किया है। खेल मंत्रालय द्वारा बनाई गई इस समिति की अध्यक्षता अतिरिक्त सचिव डॉ. एकेएम वली उल्लाह करेंगे। समिति में पूर्व कप्तान और मुख्य चयनकर्ता हबीबुल बशर तथा फैसल दस्तगीर को भी शामिल किया गया है। समिति को 15 कार्य दिवस के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
पूरा विवाद तब शुरू हुआ था जब जनवरी 2026 में बीसीसीआई ने आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम से मुस्तफिजुर रहमान को हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद तत्कालीन खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) से टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले भारत के बजाय श्रीलंका में कराने की मांग की थी। ICC ने सुरक्षा कारणों को पर्याप्त नहीं मानते हुए यह मांग खारिज कर दी। बाद में बांग्लादेश ने भारत में खेलने से इनकार किया, जिसके चलते ICC ने टीम को टूर्नामेंट से बाहर कर स्कॉटलैंड को मौका दे दिया।
नई सरकार बनने के बाद खेल मंत्री अमीनुल हक ने भारत के साथ खेल संबंध सुधारने की बात कही है। उन्होंने संसद में यह भी कहा कि टी20 वर्ल्ड कप विवाद को जिस तरह संभाला गया, उसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। अब सरकार यह पता लगाएगी कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और पिछली सरकार के फैसलों के कारण देश को इतने बड़े टूर्नामेंट से बाहर क्यों होना पड़ा।


