नई दिल्ली: बांग्लादेश की टीम ने नजमुल हुसैन शांतो की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में पहली बार टेस्ट मुकाबले में मात देने में कामयाबी हासिल की है। डार्विन के स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले के चौथे दिन के खेल में ऑस्ट्रेलियाई टीम की दूसरी पारी जहां 284 रनों पर सिमट गई तो वहीं बांग्लादेश को जीत के लिए चौथी पारी में सिर्फ 57 रनों का टारगेट मिला और उसे उन्होंने एक विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। बांग्लादेश के लिए इस मुकाबले में जीत के सबसे बड़े हीरो 26 साल के तेज गेंदबाज हसन महमूद रहे जिन्होंने पहली पारी में जहां 6 विकेट हासिल किए तो वहीं दूसरी पारी में तीन विकेट लेने के साथ मुकाबले में कुल 9 विकेट अपने नाम किए।
डार्विन टेस्ट मैच के चारों दिन के खेल में बांग्लादेश का दबदबा देखने को मिला जिसमें चौथे दिन के खेल में स्पिन गेंदबाज मेहदी हसन मिराज पांच विकेट हॉल लेने में कामयाब रहे। मेहदी हसन मिराज ने ऑस्ट्रेलियाई टीम की दूसरी पारी में 33.1 ओवर्स की गेंदबाजी में 66 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। मेहदी हसन मिराज टेस्ट क्रिकेट में अब बांग्लादेश की तरफ से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 विकेट हॉल लेने वाले सिर्फ चौथे गेंदबाज हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरी पारी में कैमरून ग्रीन ने 104 रनों की शतकीय पारी खेली जिसके दम पर उनकी टीम इस मैच में पारी से हार टालने में जरूर कामयाब हो सकी।
मेजबान ऑस्ट्रेलिया को पहले दिन के खेल में ही उनकी पहली पारी में 198 रनों के स्कोर पर समेटने के बाद बांग्लादेश के बल्लेबाजों की तरफ से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें वह अपनी पहली पारी में 426 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब रहे। इसके दम पर बांग्लादेश को पहली पारी के आधार पर कुल 228 रनों की बड़ी बढ़त मिल गई। बांग्लादेश के लिए उनके ओपनिंग बल्लेबाज तंजीद हसन तमीम ने शानदार 101 रनों की शतकीय पारी खेली थी।


