रियान पराग पर बीसीसीआई सख्त, 25% मैच फीस कटी, ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट का मामला

0

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने रियान पराग पर उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया है और साथ ही एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया है। यह कार्रवाई मंगलवार को मुल्लांपुर में पंजाब किंग्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स के आईपीएल 2026 मुकाबले के दौरान ड्रेसिंग रूम के अंदर वेपिंग यानी ई-सिगरेट का इस्तेमाल करने के कारण की गई।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘‘राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग पर उनकी मैच फीस का 25% जुर्माना लगाया गया है और उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है। यह कार्रवाई इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 40वें मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ खिलाड़ियों और टीम पदाधिकारियों के लिए आईपीएल की आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए की गई है।’’

आईपीएल (IPL) की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि रियान पराग ने IPL की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.21 का उल्लंघन किया है, जो ऐसे आचरण से संबंधित है जिससे खेल की बदनामी होती है। बता दें कि पंजाब किंग्स बनाम राजस्थान रॉयल्स मैच के लाइव प्रसारण के दौरान रिकॉर्ड किये गए इस घटना के विजुअल्स सोशल मीडिया पर वायरल हो गए और उन पर बहस छिड़ गई।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईपीएल (IPL) के बयान में कहा गया, ‘‘यह घटना दूसरी पारी के दौरान हुई, जब रियान पराग को ड्रेसिंग रूम के अंदर वेप (ई-सिगरेट) का इस्तेमाल करते हुए देखा गया। रियान पराग ने अपनी गलती मान ली और मैच रेफरी अमित शर्मा द्वारा लगाए गए दंड को स्वीकार कर लिया।’’ बयान में यह भी कहा गया कि IPL की प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) दोषी टीम, उसके पदाधिकारियों और खिलाड़ियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू करने के लिए अन्य विकल्पों पर भी विचार कर रहा है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इससे पहले बीसीसीआई के एक पदाधिकारी ने बताया था कि बोर्ड पहले रियान पराग से इस मामले में स्पष्टीकरण मांगेगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा था, “हम रियान पराग से जवाब तलब करेंगे, क्योंकि वेपिंग की अनुमति नहीं है। उनके स्पष्टीकरण के आधार पर आईपीएल आगे की कार्रवाई करेगा।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here