नई दिल्ली: ऑनलाइन गेमिंग कानून लागू होने के बाद पैसों से खेले जाने वाले ऑनलाइन गेम पर बैन लग गया है। इसी कड़ी में इस क्षेत्र की दिग्गज कंपनी ड्रीम11 (Dream11) ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को सूचित किया है कि वह अब भारतीय टीम की स्पॉन्सरशिप जारी नहीं रख पाएगी। इस फैसले के चलते दुबई में होने वाले एशिया कप की शुरुआत से महज दो हफ्ते पहले टीम इंडिया को नए प्रायोजक की तलाश करनी होगी। ड्रीम11 के हटने से बीसीसीआई को करीब 119 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ेगा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एक बीसीसीआई पदाधिकारी ने बताया, “ड्रीम11 के प्रतिनिधि बीसीसीआई कार्यालय आए और सीईओ हेमंग अमीन को यह जानकारी दी कि वे आगे स्पॉन्सरशिप जारी नहीं रख पाएंगे। इसके चलते वे एशिया कप के लिए टीम इंडिया के प्रायोजक नहीं रहेंगे। बीसीसीआई अब जल्द ही एक नया टेंडर जारी करेगा।”
क्या ड्रीम11 पर लगेगा जुर्माना? BCCI कर सकता है बड़ा फैसला
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई के एक अन्य पदाधिकारी के मुताबिक, ड्रीम11 पर अनुबंध तोड़ने के बावजूद कोई जुर्माना नहीं लगेगा। उन्होंने बताया कि अनुबंध में एक विशेष प्रावधान शामिल है, जिसके अनुसार यदि किसी प्रायोजक का मुख्य व्यवसाय सरकार द्वारा बनाए गए नए कानून से प्रभावित होता है, तो उस स्थिति में वह क्रिकेट बोर्ड को किसी भी प्रकार का भुगतान करने के लिए बाध्य नहीं होगा।
358 करोड़ का सौदा, तीन साल तक रहेगा टीम इंडिया के साथ
करीब 18 साल पहले शुरू हुई ड्रीम11 आज ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार 8 अरब डॉलर वैल्यूएशन के साथ देश का सबसे बड़ा फैंटेसी गेमिंग प्लेटफॉर्म बन चुकी है। जुलाई 2023 में कंपनी ने 358 करोड़ रुपये के तीन साल के करार के तहत बीसीसीआई की मुख्य प्रायोजक बनने का अधिकार हासिल किया था। इस डील के साथ ड्रीम11 ने एडटेक कंपनी बायजू की जगह ली थी।
धोनी से लेकर रोहित तक, ड्रीम11 के रहे हैं बड़े ब्रांड एंबेसडर
ड्रीम11 की आईपीएल में भी बड़ी उपस्थिति रही है। कंपनी का विभिन्न फ्रेंचाइजियों के साथ करार है और इसके ब्रांड एंबेसडर के तौर पर महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत और जसप्रीत बुमराह जैसे कई दिग्गज खिलाड़ी जुड़े रहे हैं। साल 2020 में चीनी कंपनी वीवो के हटने के बाद ड्रीम11 ने आगे बढ़कर आईपीएल का टाइटल प्रायोजक बनने की जिम्मेदारी भी संभाली थी।
ड्रीम11 का बिज़नेस ग्लोबल स्तर पर भी फैला
ड्रीम11 का कारोबार भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी तेजी से फैला है। कंपनी कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) की आधिकारिक फैंटेसी पार्टनर है और न्यूजीलैंड की घरेलू टी20 लीग सुपर स्मैश की टाइटल प्रायोजक भी रही है। इसके अलावा ड्रीम11 का जुड़ाव ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) और वुमेन बिग बैश लीग (WBBL) से भी है। साल 2018 में ड्रीम11 ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के साथ भी साझेदारी की घोषणा की थी, जिससे इसकी वैश्विक मौजूदगी और मजबूत हुई।
फुटबॉल और बास्केटबॉल से भी जुड़ा है ड्रीम11
ड्रीम11 का जुड़ाव क्रिकेट के साथ-साथ अन्य खेलों से भी है। यह देश की शीर्ष स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता इंडियन सुपर लीग (ISL) का आधिकारिक फैंटेसी पार्टनर है, हालांकि लीग फिलहाल अनिश्चित काल के लिए स्थगित है। साल 2017 में नेशनल बास्केटबॉल एसोसिएशन (NBA) ने भी ड्रीम11 प्लेटफॉर्म पर अपना आधिकारिक फैंटेसी गेम लॉन्च किया था। इतना ही नहीं, प्रो कबड्डी लीग (PKL) और अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) ने भी इस ऑनलाइन गेमिंग कंपनी के साथ साझेदारी की है।

