BCCI ने टीम इंडिया की जर्सी स्पॉन्सरशिप रेट बढ़ाए

0

द्विपक्षीय मैच के लिए अब 3.5 करोड़ और मल्टीलैटरल टूर्नामेंट में 1.5 करोड़ रुपए प्रति मैच मिलेंगे, एशिया कप में बिना स्पॉन्सर उतरेगी भारतीय टीम

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया की जर्सी स्पॉन्सरशिप के रेट बढ़ाने का फैसला लिया है। अब द्विपक्षीय सीरीज के हर मैच के लिए बोर्ड को 3.5 करोड़ रुपए मिलेंगे, जबकि मल्टीलैटरल टूर्नामेंट्स जैसे आईसीसी इवेंट, एशिया कप और ट्राई सीरीज के लिए 1.5 करोड़ रुपए प्रति मैच तय किए गए हैं। पहले ये दरें क्रमशः 3.17 करोड़ और 1.12 करोड़ रुपए थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, नई दरें एशिया कप के बाद लागू होंगी और इससे BCCI को 400 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई हो सकती है। हालांकि कुल रकम बोली की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही तय होगी। BCCI ने यह कदम तब उठाया जब उसका मौजूदा जर्सी स्पॉन्सर ड्रीम-11 बाहर हो गया। सरकार के ऑनलाइन गेमिंग एक्ट 2025 लागू होने के बाद BCCI ने ड्रीम-11 के साथ करार खत्म कर दिया था।

नई बोली और एशिया कप की स्थिति

BCCI ने 2 सितंबर को जर्सी स्पॉन्सरशिप के लिए नए टेंडर जारी किए थे। नियमों के अनुसार, अल्कोहल, तंबाकू, सट्टेबाजी, रियल मनी गेमिंग (फैंटेसी स्पोर्ट्स को छोड़कर), क्रिप्टोकरेंसी और अश्लीलता से जुड़े ब्रांड्स इस बोली प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बन सकते। टेंडर खरीदने की आखिरी तारीख 12 सितंबर और बोली लगाने की अंतिम तारीख 16 सितंबर तय की गई है। चूंकि एशिया कप 9 सितंबर से शुरू हो रहा है और तब तक नया स्पॉन्सर तय नहीं होगा, इसलिए भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में बिना जर्सी स्पॉन्सर के उतरेगी। माना जा रहा है कि आगामी सीरीज में नई डील लागू होगी, जिससे न सिर्फ BCCI को अतिरिक्त राजस्व मिलेगा बल्कि खिलाड़ियों की जर्सी पर नया स्पॉन्सर भी दिखेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here