नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के दो दिग्गज, रोहित शर्मा और विराट कोहली, के भविष्य और वनडे वर्ल्ड कप 2027 में उनकी उपस्थिति को लेकर लगातार चर्चाएँ हो रही हैं। ऑस्ट्रेलिया सीरीज में दोनों ने वापसी की थी, लेकिन टी20 और टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने के बाद अब केवल वनडे टीम का हिस्सा हैं। इसी बीच, बीसीसीआई ने दोनों खिलाड़ियों को साफ संदेश दिया है कि अगर उन्हें भारतीय टीम के लिए खेलना है तो उन्हें घरेलू क्रिकेट में सक्रिय रहना पड़ेगा। यह दो टूक सलाह टीम इंडिया में भविष्य बनाए रखने और प्रदर्शन की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए दी गई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दोनों खिलाड़ियों को कहा गया है कि अगर उन्हें भारतीय टीम के लिए भविष्य में खेलना है तो खुद को मैच फिट रखने के लिए घरेलू क्रिकेट खेलना पड़ेगा। भारतीय टीम अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ 30 नवंबर से वनडे सीरीज खेलेगी और 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज खेली जाएगी। इन दोनों सीरीज के लिए अभी टीम का ऐलान नहीं हुआ है। इस बीच घरेलू सर्किट में वनडे के लिए विजय हजारे ट्रॉफी का ही आयोजन होना है।
BCCI का साफ संदेश, भारत के लिए खेलना है तो नियम मानो
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बोर्ड और टीम मैनेजमेंट ने रोहित शर्मा और विराट कोहली को साफ जानकारी दे दी है कि अगर उन्हें भारत के लिए खेलना है तो उन्हें घरेलू क्रिकेट में सक्रिय रहना होगा। चूंकि दोनों खिलाड़ी पहले ही दो फॉर्मेट से रिटायर हो चुके हैं, इसलिए मैच फिटनेस बनाए रखने और प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने के लिए घरेलू क्रिकेट में खेलना उनके लिए जरूरी है।
भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर भी पहले इस बात पर जोर दे चुके हैं कि लंबे-लंबे ब्रेक से अच्छा है कि खिलाड़ी अगर खाली हैं तो उन्हें घरेलू क्रिकेट जरूर खेलना चाहिए। वहीं रोहित और विराट के नाम पर चर्चा थी कि साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ दोनों अनाधिकारिक वनडे सीरीज खेल सकते हैं। मगर दोनों खिलाड़ियों का नाम इंडिया ए के स्क्वाड से गायब था।
टीम इंडिया में लौटे रोहित-विराट, क्या साबित कर पाए मैदान पर?
रोहित शर्मा (38 वर्ष) और विराट कोहली (37 वर्ष) ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में वापसी की। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद दोनों को लंबा अंतराल मिला। मार्च के बाद अक्टूबर में दोनों फिर से भारतीय जर्सी में नजर आए। इस सीरीज में रोहित शर्मा ने तीन पारियों में कुल 202 रन बनाए, जिसमें एक अर्धशतक और एक शतक शामिल था, और उन्होंने अपने प्रदर्शन के दम पर प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भी अपने नाम किया।
वहीं, विराट कोहली पहले दो मैचों में बिना रन बनाए आउट होने के बाद तीसरे मुकाबले में 74 रन की नाबाद पारी खेलकर रोहित शर्मा के साथ मिलकर भारत को शानदार जीत दिलाने में सफल रहे। अब दोनों खिलाड़ी 30 नवंबर से शुरू हो रही साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में नजर आ सकते हैं। भारतीय मैदान पर दोनों को फिर से साथ खेलते देखने के लिए फैंस बेहद उत्साहित हैं। अगर ये दोनों खिलाड़ी 24 दिसंबर से शुरू होने वाली विजय हजारे ट्रॉफी में हिस्सा लेते हैं, तो यह भारतीय क्रिकेट के चाहने वालों के लिए किसी तरह का जैकपॉट साबित होगा।

