NST NEWS भोपाल। युवा कल्याण एवं खेल विभाग तथा रेलवे इंस्टीट्यूट के सहयोग से आयोजित 34वीं सेंट्रल इंडिया कराते चैंपियनशिप में भोपाल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश को ओवरऑल चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। रेलवे इंस्टीट्यूट के बैडमिंटन हॉल में संपन्न हुई प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश ने कुल 39 पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया। राजस्थान ने 27 पदक जीतकर उपविजेता बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि अन्य राज्यों की टीमें खिताबी दौड़ में पीछे रहीं और उन्हें सांत्वना पुरस्कार से संतोष करना पड़ा।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पश्चिम मध्य रेलवे संस्थान, भोपाल के सचिव एवं कोषाध्यक्ष दीपक मालवीय रहे। कार्यक्रम में डीएसपी दिनेश जोशी, आयोजन समिति के अध्यक्ष जयचंद्र कनौजिया, संरक्षक साजन खान, प्रचार मंत्री सलीम खान, उपाध्यक्ष इकबाल अहमद सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन अक्टूबर 2026 में भूटान में आयोजित होने वाली दक्षिण एशियाई कराते चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता का संचालन चीफ रेफरी ग्रैंड मास्टर शोके सईद शेख के नेतृत्व में किया गया। उनके साथ रीतेश तिवारी, शिहान शाहवाज शेख, सईद खान, सुंदरलाल, रमेश भंडारे, इकराम कुरैशी, राजेंद्र खंडाले, भगवत शर्मा और रामसिंह सहित अन्य रेफरी एवं तकनीकी अधिकारियों ने मुकाबलों का सफल संचालन किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने काता और कुमिते दोनों वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आयोजकों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे आगामी दक्षिण एशियाई प्रतियोगिता में भी प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।


