एनएसटी न्यूज, भोपाल। गोवा में आयोजित 48वीं Yonex Sunrise Masters National Badminton Championship में भोपाल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। पुरुष एकल 65 वर्ग में बसंत कुमार सोनी और पुरुष युगल 75 वर्ग में बीके शिकारी-वायके जायसवाल की जोड़ी ने खिताब जीतकर मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया।
पुरुष एकल 65 वर्ग में गैर वरीय बसंत सोनी ने शीर्ष वरीय एमके वोहरा को कड़े मुकाबले में 21-13, 19-21, 21-14 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इसी वर्ग में सोनी ने दीपक श्रीवास्तव के साथ मिलकर कांस्य पदक भी जीता। उल्लेखनीय है कि बसंत सोनी इससे पहले वर्ल्ड मास्टर्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीत चुके हैं।
पुरुष युगल 75 वर्ग में पहली वरीयता प्राप्त शिकारी-जायसवाल की जोड़ी ने अवतार सिंह-सुशील कुमार को 22-20, 21-17 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं महिला वर्ग में पूनम तत्ववादी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एकल 55 वर्ग में रजत पदक जीता। इसके अलावा उन्होंने संगीता राजगोपालन के साथ युगल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया।


