भोपाल के गौरव मालवीय ने सीबीएसई नेशनल एथलेटिक मीट में जीता कांस्य

0

कैम्पियन स्कूल के छात्र ने अंडर-19 हाई जंप में दिखाया दम, मध्यप्रदेश का नाम किया रोशन

(NST News) भोपाल. भोपाल के कैम्पियन स्कूल के छात्र गौरव मालवीय ने राष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। गौरव सीबीएसई द्वारा आयोजित सीबीएसई नेशनल एथलेटिक मीट 2025-26 में अंडर-19 हाई जंप कैटेगरी में उतरे थे। यह प्रतियोगिता हाल ही में वाराणसी स्थित संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल में आयोजित हुई। गौरव ने देशभर से आए एथलीट्स के बीच कड़ी टक्कर देते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने अपने दमदार प्रदर्शन से न केवल कैम्पियन स्कूल का, बल्कि पूरे भोपाल और मध्यप्रदेश का मान बढ़ाया।इस प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न राज्यों के अलावा ओमान, अफगानिस्तान, कतर और दोहा जैसे गल्फ देशों के खिलाड़ियों ने भी हिस्सा लिया। पाँच दिन तक चली इस मीट में लगभग 400 विदेशी और 3,000 से ज्यादा भारतीय छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग उम्र वर्गों और खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर, 3000 मीटर और 5000 मीटर दौड़ के अलावा जेवेलिन, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, लॉन्ग जंप, हाई जंप, ट्रिपल जंप और रिले रेस जैसी कई स्पर्धाएँ शामिल थीं।

गौरव मालवीय ने इस सफलता का श्रेय अपने विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक और कोच श्री जोंसी कोशी को दिया, जिनके मार्गदर्शन में उन्होंने लगातार मेहनत और अभ्यास किया। कैम्पियन स्कूल के प्राचार्य फादर डॉ. अथनस लकड़ा एसजे और उप प्राचार्य मनोज मिंज एसजे ने गौरव की उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि गौरव ने मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। साथ ही उन्होंने कोच जोंसी कोशी को भी बधाई दी और उम्मीद जताई कि गौरव आने वाली प्रतियोगिताओं में और भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here