देशभर से आएंगे राष्ट्रीय स्तर के नाविक
(NST News) भोपाल. भोपाल की पहचान कही जाने वाली ऐतिहासिक बड़ी झील रोमांच और प्रतिस्पर्धा का अनूठा संगम बनने जा रही है। सेलिंग चैम्पियनशिप-2025 में देशभर के नामी-गिरामी नाविक अपने कौशल का जलवा बिखेरेंगे। सेलिंग चैम्पियनशिप 16 से 21 सितंबर तक होगी। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग राजा भोज मल्टीक्लास सेलिंग चैम्पियनशिप का शुभारंभ करेंगे। जलक्रीड़ा प्रतियोगिता को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की झलक भी दिखाई देगी।
राष्ट्रीय स्तर की भागीदारी
देश के विभिन्न हिस्सों से चयनित नाविक प्रतियोगिता में भाग लेंगे। यह आयोजन न सिर्फ नाविकों के बीच प्रतिस्पर्धा का मंच बनेगा, बल्कि बड़ी झील के पर्यटन और अंतर्राष्ट्रीय पहचान को भी नई ऊंचाई देगा। राजा भोज मल्टीक्लास सेलिंग चैम्पियनशिप में नाविकों की रोमांचक प्रतिस्पर्धा के साथ स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को भी खानूगांव के किनारे अद्वितीय अनुभव मिलेगा। आयोजन न केवल खेल, बल्कि भोपाल की सांस्कृतिक और पर्यटन धरोहर के लिये भी विशेष होगा।
अपर लेक का गौरवशाली इतिहास
भोपाल स्थित अपर लेक में वर्ष 1996 से ही सेलिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। वर्ष 2006 में यहाँ नेशनल सेलिंग स्कूल की स्थापना की गई और वर्ष 2016 में आर्मी एडवेंचर नोडल सेंटर विंड सर्फिंग शुरू हुआ। प्रदेश के नाविकों ने 141 राष्ट्रीय और 4 अंतर्राष्ट्रीय पदक जीतकर मध्यप्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।

