नई दिल्ली : करन शर्मा की कप्तानी में यूपी (उत्तर प्रदेश) की टीम ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 का अपना चौथा लीग मैच चंडीगढ़ के खिलाफ खेला जिसमें इस टीम को 30 रन से जीत मिली। इस सीजन के पहले 4 मैचों में ये यूपी की दूसरी जीत रही। चंडीगढ़ के खिलाफ यूपी की जीत में भुवनेश्वर कुमार की शानदार गेंदबाजी साथ ही आर्यन जुयाल की नाबाद फिफ्टी का बड़ा योगदान रहा।
इस मुकाबले में चंडीगढ़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था और फिर यूपी ने पहली पारी में 20 ओवर में 7 विकेट पर 190 रन बनाए। चंडीगढ़ को जीत के लिए 191 रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन ये टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 160 रन ही बना पाई और शिवम भांबरी की टीम को हार मिली। आर्यन जुयाल को उनकी शानदार अर्धशतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
आर्यन जुयाल की नाबाद फिफ्टी से यूपी ने हासिल की दूसरी जीत
यूपी के लिए आर्यन जुयाल ने शानदार नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली और 28 गेंदों पर 4 छक्के और 7 चौकों की मदद से नाबाद 64 रन बनाए। इसके अलावा कप्तान करन शर्मा ने ओपन करते हुए 33 रन जबकि दिव्यांश जोशी ने 26 रन की पारी खेली। आदर्श सिंह ने 29 रन जबकि समीर रिजवी ने 16 रन की पारी खेली। चंडीगढ़ के लिए जगजीत सिंह और हार्दिक चौधरी ने 2-2 विकेट लिए।
भुवनेश्वर कुमार ने गेंद से मचाया धमाल, झटके 3 अहम विकेट
चंडीगढ़ के खिलाफ यूपी की तरफ से भुवी सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 4 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट लिए जबकि प्रशांत वीर ने 2 सफलता हासिल की। चंडीगढ़ के लिए ओपनर अर्जुन आजाद ने 39 रन की पारी खेली जबकि कप्तान शिवम भांबरी ने 23 रन बनाए इसके अलावा आरुष भंडारी ने 19 रन की पारी खेली। ओपनर मनन वोहरा 12 रन तो वहीं निखिल कुमार ने 18 रन का योगदान किया। चंडीगढ़ की ये चौथे मैच में तीसरी हार रही।


