नई दिल्ली: इंग्लैंड और न्यूज़ीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 17 जून से ओवल में खेला जाएगा। इस मैच से पहले न्यूज़ीलैंड की बल्लेबाजी क्रम को लेकर सबसे बड़ी चर्चा नंबर-3 स्लॉट को लेकर हो रही है। दरअसल, इंग्लैंड दौरे के बीच दिग्गज बल्लेबाज Kane Williamson के संन्यास के बाद यह जगह खाली हो गई है, जिसने टीम की रणनीति को बदल दिया है। ऐसे में सबकी नजर इस बात पर है कि उनकी जगह कौन जिम्मेदारी संभालेगा। इस सवाल का जवाब न्यूज़ीलैंड के टेस्ट कप्तान Tom Latham ने साफ कर दिया है, जिससे टीम के नए बल्लेबाजी क्रम की तस्वीर अब लगभग स्पष्ट हो गई है।
केन विलियमसन के अचानक संन्यास लेने के बाद, न्यूजीलैंड ने इस हफ्ते द ओवल में होने वाले मैच के लिए हेनरी निकोल्स को टीम में शामिल किया है। इस बार निकोल्स को नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने की एक नई जिम्मेदारी दी गई है। 34 साल के निकोल्स ने साल 2024 की शुरुआत से अब तक केवल दो टेस्ट मैच खेले हैं। ये दोनों मैच पिछले साल जिम्बाब्वे दौरे उन्होंने खेला था, जिसमें विलियमसन नहीं खेले थे। वैसे तो निकोल्स ने अपने टेस्ट करियर में ज्यादातर नंबर 5 पर बल्लेबाजी की है, लेकिन उस दौरे पर उन्होंने नंबर 3 पर बल्लेबाजी की थी। अब इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले मैच में वे इसी नंबर पर खेलते नजर आएंगे।
न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने मंगलवार को ट्रेनिंग से पहले इस खबर की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि निकोल्स को घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन का इनाम मिला है। निकोल्स ने घरेलू सीजन में कैंटरबरी टीम के लिए खेलते हुए 11 पारियों में 96.66 की शानदार औसत से सबसे ज्यादा 870 रन बनाए थे। लैथम ने कहा कि निकोल्स के पास इंटरनेशनल क्रिकेट का अच्छा अनुभव है। भले ही वे कुछ समय से टीम से बाहर थे, लेकिन उन्होंने घरेलू मैचों में खूब रन बनाकर टीम में अपनी जगह दोबारा पक्की की है। उनके पास नंबर 3 पर खुद को साबित करने का यह एक शानदार मौका है।
इंग्लैंड और न्यूज़ीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला Lord’s Cricket Ground में खेला गया था, जहां कीवी टीम को हार का सामना करना पड़ा। अब दूसरे टेस्ट से पहले दोनों टीमों की नजर वापसी पर है। इस बीच इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है और टीम में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। कप्तान Ben Stokes और तेज गेंदबाज Gus Atkinson नाइटक्लब विवाद के बाद इस मुकाबले से बाहर हो गए हैं। उनकी गैरमौजूदगी में इंग्लैंड ने टीम में चार बदलाव किए हैं, जिससे प्लेइंग इलेवन का संतुलन पूरी तरह बदल गया है। खास बात यह है कि इस मुकाबले में इंग्लैंड की ओर से दो नए खिलाड़ी टेस्ट डेब्यू करते नजर आएंगे, जिससे मुकाबले का रोमांच और बढ़ गया है।


