नई दिल्ली : इंडिया ए टीम ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के अपने पहले लीग मैच में तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र की शतकीय पारी साथ ही हर्षित राणा और प्रिंस यादव की शानदार गेंदबाजी के दम पर नेपाल की टीम को 306 रन से हरा दिया और ग्रुप बी की अंकतालिका में खाता भी खोल लिया। नेपाल को हराने के बाद भारत को 2 अंक हासिल हुए और वो शानदार रन रेट के आधार पर अंकतालिका में पाकिस्तान से आगे निकल गया।
इस मैच में नेपाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था और फिर भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 332 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। नेपाल की टीम को जीत के लिए 333 रन का बड़ा लक्ष्य मिला था और इसके जवाब में ये टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह से बिखर गई और 11.3 ओवर में 26 रन पर ऑल आउट हो गई। कुमार कुशाग्र के उनकी शानदार शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भारत की तरफ से इस मैच में तिलक वर्मा ने 107 रन की पारी खेली जबकि कुमार कुशाग्र ने 117 रन बनाए। भारत के लिए हर्षित राणा ने 4 विकेट लिए जबकि प्रिंस यादव को 5 सफलता मिली जबकि एक विकेट शाहबाज अहमद ने लिया। नेपाल की बैटिंग लाइनअप भारतीय गेंदबाजी अटैक के सामने पूरी तरह से बिखर गई और 5 बल्लेबाज तो खाता भी नहीं खोल पाए जबकि 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। नेपाल के लिए पवन सर्राफ और राशिद खान ने सबसे ज्यादा 6-6 रन बनाए।


