पटना: 17 से 21 नवंबर तक कोलकाता के साल्ट लेक सिटी स्थित साई स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित स्पेशल ओलंपिक्स भारत–नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप 2025 में बिहार की टीम ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। यह प्रतियोगिता स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, कोलकाता एवं SAI सेक्टर–3 के संयुक्त तत्वावधान में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण ने जताया गर्व
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक–सह–मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने बेहतरीन कौशल, तालमेल, अनुशासन और टीमवर्क का परिचय देकर बिहार को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है और उनके मनोबल को सुदृढ़ करने वाली है।
20 राज्यों के 300 से अधिक खिलाड़ी थे शामिल
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के 20 राज्यों से 300 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बिहार की ओर से 10 सदस्यीय टीम उतरी, जिसमें तीन प्रशिक्षक और सात खिलाड़ी शामिल थे। कोचिंग स्टाफ में अजीत कुमार, गौरव कुमार और कुंदन कुमार पांडे रहे, जबकि खिलाड़ियों में धीरज कुमार (कैप्टन), संतु कुमार, शेखर कुमार, सौम्या, मयंक कुमार, भास्कर तेजस्वी और तेजस किशोर शामिल थे। यह प्रतियोगिता वर्ल्ड समर गेम्स 2027 के लिए एक महत्वपूर्ण क्वालिफायर भी है।
वर्ल्ड समर गेम्स 2027 के लिए भी अहम मंच
स्पेशल ओलंपिक्स भारत के सचिव संदीप कुमार, जो चिली में होने वाले वर्ल्ड समर गेम्स 2027 की फुटबॉल चयन समिति के सदस्य भी हैं, बिहार से ही ताल्लुक रखते हैं। यह तथ्य राज्य के लिए गर्व का विषय है। स्पेशल ओलंपिक्स भारत, जिसे भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय तथा स्पेशल ओलंपिक्स इंक. से मान्यता प्राप्त है, मानसिक रूप से कमजोर व्यक्तियों के लिए संरचित खेल कार्यक्रमों के माध्यम से उनकी शारीरिक एवं मानसिक क्षमता बढ़ाने के लिए समर्पित है।

