नई दिल्ली : हाल ही में क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान की टक्कर ने फैंस को खूब रोमांचित किया था, और अब वही उत्साह हॉकी वर्ल्ड कप में देखने को मिलेगा। अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) ने मंगलवार रात पुरुष और महिला हॉकी वर्ल्ड कप के ग्रुप्स का ऐलान कर दिया है, जिसमें भारत और पाकिस्तान को मेंस टूर्नामेंट के लिए एक ही ग्रुप में रखा गया है। यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला फैंस के लिए खास आकर्षण रहेगा। पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप 15 अगस्त 2026 से शुरू होगा, जिसकी मेजबानी बेल्जियम और नीदरलैंड्स संयुक्त रूप से करेंगे।
मंगलवार को हॉकी वर्ल्ड कप के लिए ड्रॉ आयोजित किया गया, जिसके बाद सभी ग्रुप्स फाइनल हो गए। भारतीय पुरुष हॉकी टीम को ग्रुप डी में पाकिस्तान, इंग्लैंड और वेल्स के साथ रखा गया है, जिससे इस ग्रुप में मुकाबले काफी रोमांचक होने की उम्मीद है। वहीं महिला हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम भी ग्रुप डी में है, जहां उसका सामना चीन, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड से होगा। दोनों ही टूर्नामेंट में 16-16 टीमों ने क्वालिफाई किया है, जिन्हें चार-चार टीमों के चार ग्रुप्स में बांटा गया है, जिससे हर ग्रुप में कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।
कैसे खेला जाएगा टूर्नामेंट?
अगर टूर्नामेंट के फॉर्मेट की बात करें तो ग्रुप स्टेज में सभी टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेलेंगी। इसके बाद हर ग्रुप से टॉप दो टीमें अगले राउंड में पहुंचेंगी, जहां चार-चार टीमों के दो नए ग्रुप बनाए जाएंगे। दूसरे चरण में इन दोनों ग्रुप्स की टॉप 2-2 टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी। महिला और पुरुष दोनों हॉकी वर्ल्ड कप एकसाथ खेले जाएंगे और दोनों का फॉर्मेट भी समान रहेगा, यानी फैंस को एक ही समय पर दो बड़े टूर्नामेंट देखने को मिलेंगे।
भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमें ग्रुप डी में हैं और अपने मुकाबले नीदरलैंड्स के एम्सटरडेम स्थित वागेनर स्टेडियम में खेलेंगी। मेंस हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम अपने ग्रुप की उच्च रैंकिंग वाली टीम है, वहीं पाकिस्तान के खिलाफ उसका हेड-टू-हेड रिकॉर्ड भी मजबूत रहा है, ऐसे में ग्रुप डी से भारत को फेवरेट माना जा सकता है। फिलहाल टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल जारी नहीं हुआ है और उम्मीद है कि बुधवार (18 मार्च) को इसकी घोषणा की जा सकती है।
हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप
महिला विश्व कप
ग्रुप A: नीदरलैंड्स, ऑस्ट्रेलिया, चिली, जापान (नीदरलैंड्स में होंगे मैच)
ग्रुप B: अर्जेंटीना, जर्मनी, यूएसए, स्कॉटलैंड (बेल्जियम में होंगे मैच)
ग्रुप C: बेल्जियम, स्पेन, न्यूजीलैंड, आयरलैंड (बेल्जियम में होंगे मैच)
ग्रुप D: चीन, इंग्लैंड, भारत, साउथ अफ्रीका (नीदरलैंड्स में होंगे मैच)
मेंस विश्व कप
ग्रुप A: नीदरलैंड्स, अर्जेंटीना, न्यूजीलैंड, जापान (नीदरलैंड्स में होंगे मैच)
ग्रुप B: बेल्जियम, जर्मनी, फ्रांस, मलेशिया (बेल्जियम में होंगे मैच)
ग्रुप C: ऑस्ट्रेलिया, स्पेन, आयरलैंड, साउथ अफ्रीका (बेल्जियम में होंगे मैच)
ग्रुप D: इंग्लैंड, भारत, पाकिस्तान, वेल्स (नीदरलैंड्स में होंगे मैच)


