एनएसटी न्यूज, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शुक्रवार को भोपाल स्थित समत्व भवन में बिहार सरकार की सूचना प्रौद्योगिकी एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण के नेतृत्व में आए पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी उपस्थित रहा। मुख्यमंत्री ने मंत्री श्रेयसी सिंह का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्रम एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत किया, जबकि बिहार की खेल मंत्री ने मुख्यमंत्री को बोधि वृक्ष की प्रतिकृति और अंगवस्त्रम भेंट किए। भेंट के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश में खेलों के सर्वांगीण विकास, खिलाड़ियों की पहचान, प्रतिभा संवर्धन और प्रशिक्षण की व्यवस्था की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक खेल गतिविधियों को मजबूत किया गया है, जिससे युवाओं को बेहतर मंच और अवसर मिल रहे हैं। बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने बताया कि उनका प्रतिनिधिमंडल मध्यप्रदेश में अपनाए गए खेल प्रोत्साहन मॉडल के अध्ययन हेतु भ्रमण पर है। मुख्यमंत्री से भेंट के पूर्व प्रतिनिधिमंडल ने शूटिंग अकादमी, घुड़सवारी अकादमी, वॉटर स्पोर्ट्स सेंटर, टीटी नगर स्टेडियम और स्पोर्ट्स साइंस सेंटर सहित विभिन्न खेल परिसरों का अवलोकन किया। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक राकेश गुप्ता, संयुक्त संचालक बी.एस. यादव सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


