लॉस एंजिलिस खेलों में मुक्केबाजी को किया जायेगा शामिल, जल्द होगा आईओसी का सत्र

0

नई दिल्ली: लॉस एंजिलिस खेलों में मुक्केबाजी को शामिल किया जायेगा क्योंकि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के कार्यकारी बोर्ड ने मंगलवार से शुरू हो रहे 144वें सत्र से पहले इसे मंजूरी दे दी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार , आईओसी ने पिछले महीने विश्व मुक्केबाजी को अस्थायी मान्यता दे दी थी जिससे अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ (आईबीए) को दरकिनार करके नयी नियामक ईकाई को अधिकार सौंपे।

आईओसी के 18 से 21 मार्च तक चलने वाले सत्र में थॉमस बाक की जगह नये अध्यक्ष का भी चुनाव किया जायेगा। इसके साथ ही लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में मुक्केबाजी को शामिल करने के कार्यकारी बोर्ड के फैसले को मंजूरी भी मिलेगी।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बाक ने कार्यकारी बोर्ड की बैठक के बाद कहा ,‘‘फरवरी में विश्व मुक्केबाजी को अस्थायी मान्यता मिलने के बाद हम यह फैसला लेने की स्थिति में थे । सत्र में इसे मंजूरी के लिये रखा जायेगा और मुझे यकीन है कि इसे मंजूरी मिल जायेगी। इसके बाद दुनिया भर के मुक्केबाज लॉस एंजिलिस ओलंपिक खेल सकेंगे अगर उनके राष्ट्रीय महासंघ को विश्व मुक्केबाजी से मान्यता मिली हुई है।’’

आईओसी की देखरेख में टोक्यो ओलंपिक 2020 और पेरिस ओलंपिक 2024 की मुक्केबाजी इवेंट में हुई थी। लंबे समय से चले आ रहे संचालन संबंधी मसलों और मुकाबलों की निष्पक्षता पर सवाल उठने के बाद 2023 में आईबीए की मान्यता रद्द कर दी गई थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विश्व मुक्केबाजी के अध्यक्ष बोरिस वान डेर वोर्स्ट ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा ,‘‘ यह ओलंपिक मुक्केबाजी के लिये काफी अहम फैसला है और ओलंपिक कार्यक्रम में खेल को बहाल करने के करीब ले जाने वाला है।

मैं आईओसी के कार्यकारी बोर्ड को धन्यवाद देता हूं।’’ भारत के लिए पुरुष मुक्केबाज़ी में इकलौते पदक विजेता विजेंदर सिंह हैं। उन्होंने 2008 के बीजिंग ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। हालांकि महिला वर्ग में 2012 में एमसी मैरिकॉम कांस्य पदक जीत चुकी हैं. पर पुरुष वर्ग में हम विजेंदर के बाद लंदन, रियो, टोक्यो ओलंपिक और पेरिस से खाली हाथ लौटे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here