मध्य प्रदेश फुटसल स्टेट लेवल टूर्नामेंट का सफल आयोजन, बिल्ड अप फुटबॉल क्लब बना विजेता

0

NST NEWS, भोपाल।  टैगोर फुटबॉल क्लब द्वारा स्कोप ग्लोबल स्किल्स विश्वविद्यालय के अत्याधुनिक फुटसल एरिना में मध्य प्रदेश फुटसल स्टेट लेवल टूर्नामेंट का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आठ टीमों ने हिस्सा लिया और तीन दिनों तक चले मुकाबलों में शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।  टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बुधवार शाम बिल्ड अप फुटबॉल क्लब और मेजबान टैगोर फुटबॉल क्लब के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और दर्शकों को रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने तेज गति, उत्कृष्ट पासिंग और शानदार तालमेल का प्रदर्शन किया। अंततः बिल्ड अप फुटबॉल क्लब ने 4-2 से जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।

पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले ईशान सही को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। वहीं पीयूष खटीक को उनकी बेहतरीन गोलकीपिंग के लिए बेस्ट गोलकीपर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन की दर्शकों और खेल विशेषज्ञों ने सराहना की।  समापन समारोह में स्कोप ग्लोबल स्किल्स विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि विश्वविद्यालय खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं तथा उनके आत्मविश्वास को मजबूत बनाते हैं।

रबींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार डॉ. संगीता जौहरी ने सभी खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रतियोगी आयोजन प्रदेश में फुटसल खेल के विकास और लोकप्रियता को नई दिशा देने का काम करते हैं।  इस अवसर पर आरएनटीयू के डिप्टी रजिस्ट्रार समीर चौधरी, डॉ. विकास सक्सेना, विश्वविद्यालय के फैकल्टी सदस्य, खेल अधिकारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here